स्विगी ने 2022 में अपने ऐप पर भारतीयों की ओर से सबसे ज्यादा ऑर्डर की गई डिश की लिस्ट शेयर की है। इसके अनुसार, 2022 में चिकन बिरयानी सबसे ज्यादा ऑर्डर की गई। खास बात यह है कि पिछले 7 सालों में बिरयानी भारत में सबसे ज्यादा ऑर्डर की जाने वाली डिश है। कंपनी ने यह भी खुलासा किया कि बेंगलुरु के एक व्यक्ति ने स्विगी इंस्टामार्ट से 16 लाख रुपए का किराने का सामान ऑर्डर किया।
स्विगी का कहना है कि भोजन के लिए प्यार से बड़ा कोई प्यार नहीं है और कंपनी की हालिया रिपोर्ट में ऐसे कई ऑर्डर की लिस्ट है। बेंगलुरु के एक व्यक्ति ने दिवाली पर 75,378 रुपए का खाना ऑर्डर किया, जबकि पुणे के एक अन्य व्यक्ति ने अपनी टीम के लिए 71,229 रुपए के बर्गर और फ्राइज का ऑर्डर दिया। हालांकि, अब तक बेंगलुरु के उस शख्स की कोई भी बराबरी नहीं कर पाया है, जिसने 16 लाख रुपए का किराने का सामान ऑर्डर किया था।

सबसे ज्यादा ऑर्डर की जाने वाली डिश की लिस्ट
चिकन बिरयानी भारत में सबसे ज्यादा ऑर्डर की जाने वाली डिश में सबसे ऊपर है। तंदूरी और मुगलई डिश के अलावा, स्विगी ने खुलासा किया कि भारतीय यूजर्स ने इस साल खाने के साथ भी काफी प्रयोग किए। कस्टमर्स ने इस साल बहुत सारी कोरियाई और इतालवी डिश का ऑर्डर भी दिया। इसमें इतालवी पास्ता, पिज्जा, मैक्सिकन बाउल, मसालेदार रेमन, सुशी, रैवियोली (इतालवी) और बिबिंबैप (कोरियाई) शामिल हैं।


