हैदराबाद में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। यहां एक पिता ने अपनी सौतेली बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। दरअसल, मोहम्मद तौफीक ने बेटी यास्मीन को रविवार रात 1 बजे फोन पर किसी से बात करते देख लिया। इससे गुस्साए पिता ने बेटी का गला दबाकर मार डाला। तौफीक शहर के बकरम इलाके में अपनी दूसरी पत्नी और दो सौतेली बेटियों के साथ रहता था। रविवार देर रात 1 बजे यास्मीन के कमरे से आवाज आ रही थी, तौफीक कमरे में गया तो पता चला कि 17 साल की बेटी फोन पर किसी से बात कर रही थी।

इस पर पिता ने बेटी से मोबाइल छीन लिया और फोन अनलॉक करने को कहा। यास्मीन ने मना किया तो दोनों में खूब कहासुनी हुई। इससे गुस्से में आकर पिता ने बेटी का गला घोंटकर बेटी की जान ले ली।
बेटी की हत्या के बाद थाने में किया सरेंडर
बेटी की हत्या के बाद सुबह 6 बजे तौफीक ने थाने में जाकर पुलिस को मामले की जानकारी दी और सरेंडर कर दिया। मुशीराबाद पुलिस इंस्पेक्टर जहांगीर यादव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


