यूक्रेन पर रूस की बमबारी सोमवार को पांचवें दिन भी जारी है। दूसरी तरफ, इस टकराव को रोकने और रूस पर दबाव बनाने की कोशिशें भी चल रही हैं। इस मुद्दे को संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के स्पेशल इमरजेंसी सेशन में भेजने के लिए सोमवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में वोटिंग हुई। प्रस्ताव के पक्ष में 11 और विपक्ष में 1 वोट पड़ा। भारत, चीन और UAE ने फिर वोटिंग से दूरी बनाए रखी।
अब हम जंग के मैदान में लौटते हैं। राजधानी कीव के मेयर ने न्यूज एजेंसी AP को बताया है कि कीव से बाहर निकलने के रास्ते बंद हो चुके हैं। रूसी सेना ने हमें चारों तरफ से घेर लिया है। अधिकारियों का दावा है कि रूस ने बेलारूस से यूक्रेन पर बैलिस्टिक मिसाइलें लॉन्च की हैं। यूक्रेन के पलटवार में रूस ने भी अपने कई सैनिकों के मारे जाने की बात कबूली है। हालांकि, अब तक कोई संख्या नहीं बताई गई।
- यूक्रेन की राजधानी कीव में आज सुबह धमाके की तेज आवाज सुनाई दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन आज NATO के साथ बैठक करेंगे।
- यूक्रेन में फंसे 249 भारतीय नागरिकों को लेकर बुखारेस्ट (रोमानिया) से रवाना हुई पांचवीं ‘ऑपरेशन गंगा’ फ्लाइट दिल्ली एयरपोर्ट पहुंच गई है।
- रूसी सेना ने यूक्रेन के दक्षिणी शहर बर्डियांस्क पर कब्जा कर लिया है। एक लाख की आबादी वाले बर्डियांस्क में यूक्रेन का एक छोटा नौसैनिक अड्डा भी है।
- बेलारूस के राष्ट्रपति ने चेतावनी दी है कि पश्चिमी देशों के प्रतिबंध रूस को तीसरे विश्व युद्ध की तरफ धकेल रहे हैं।
- CNN की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पुतिन ने रूस की स्पेशल डिटेरेंस डिफेंस यूनिट को हाईअलर्ट पर रहने को कहा है। यह यूनिट एटमी हथियारों से लैस है।