गुजरात में भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करती दिखाई दे रही है। काउंटिंग के रुझानों के मुताबिक भाजपा 182 में से 38 सीटें जीत चुकी है और 115 पर आगे है। रुझान नतीजों में तब्दील होते हैं, तो भाजपा 1985 में कांग्रेस की 149 सीटें जीतने का रिकॉर्ड तोड़ देगी। सूत्रों के मुताबिक नए भूपेंद्र पटेल 11 दिसंबर को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में CM पद की शपथ लेंगे।
कांग्रेस ने 1985 के चुनाव में माधव सिंह सोलंकी की अगुआई में 149 सीटें जीती थीं। भाजपा 150 का आंकड़ा पार करने पर कांग्रेस की सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड तोड़ देगी। मोदी के गुजरात का CM रहते भाजपा ने 2002 के चुनाव में 127 सीटें जीती थीं। दिलचस्प बात यह है कि चुनाव प्रचार के दौरान PM मोदी ने कहा था- नरेंद्र का रिकॉर्ड भूपेंद्र तोड़ेंगे। नतीजों में यही नजर आ रहा है।
रुझानों में गुजरात की 182 में से भाजपा ने 153 सीटों पर एकतरफा बढ़त ली है। कांग्रेस 16 सीटों पर आगे है और दो सीटें जीत चुकी है। इधर, आम आदमी पार्टी 5 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है और दो सीटें जीत चुकी है। निर्दलीय और अन्य कैंडिडेट्स के खाते में 4 सीटें जाती दिखाई दे रही हैं। गुजरात में आज सुबह 8 बजे से पहले आधे घंटे में पोस्टल बैलेट्स की गिनती के बाद EVM से काउंटिंग शुरू हुई थी।
बड़ी सीटों में जामनगर से भाजपा की रीवाबा, अहमदाबाद से CM भूपेंद्र पटेल, वीरमगाम से भाजपा के हार्दिक पटेल आगे चल रहे हैं। भाजपा की लीड को देखते हुए पार्टी समर्थकों ने जश्न शुरू कर दिया है। AAP के CM कैंडिडेट इशुदान गढ़वी बड़े अंतर से पिछड़ गए हैं।
- वढवाण से भाजपा के जगदीश मकवाणा 52 हजार वोट से आगे हैं, लीड देखकर उनकी जीत पक्की मानी जा रही है।
- लीमडी मे भाजपा के कीरीट सिंह राणा 20 हजार वोट से आगे हैं, उनकी जीत भी पक्की मानी जा रही है।
- भावनगर (पश्चिम) से बीजेपी के शिक्षामंत्री जीतू वाघाणी 2000 वोटों से आगे चल रहे हैं। पहले राउंड में वे कांग्रेस कैंडिडेट से पिछड़ गए थे।
- वीरमगाम में हार्दिक पटेल ने AAP के अमर सिंह ठाकोर पर बढ़त बना ली है। पहले राउंड में वे पीछे चल रहे थे। इससे पहले उन्होंने दावा किया था कि भाजपा 135 से 145 सीटे जीतेगी।
- मोरबी में भाजपा के कांतिलाल अमृतिया आगे चल रहे हैं। वे ब्रिज हादसे के समय लोगों को बचाने के लिए मच्छू नदी में कूदे थे। जिले की तीनों सीटों मोरबी, टंकारा और वांकानेर पर भाजपा आगे है।
- खंभालिया सीट पर AAP के CM कैंडिडेट इशुदान गढ़वी ने बढ़त बना ली है। यहां भाजपा दूसरे स्थान पर पहुंच गई है।
- सूरत के कतारगाम से AAP के गोपाल इटालिया आगे चल रहे हैं। वहां भाजपा-कांग्रेस और AAP के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।
- मजुरा से गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संधवी आगे हैं। यहां फिलहाल दूसरे नंबर पर कांग्रेस कैंडिडेट है।
- कुतियाणा में लेडी डॉन संतोकबेन जडेजा के बेटे कांधल जडेजा आगे चल रहे हैं। वे निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं।


