कोरबा के लैंको पावर प्लांट में शुक्रवार सुबह एक कर्मचारी की अचानक मौत हो गई है। जिसके बाद यहां काम कर रहे कर्मचारियों ने पहले तो हंगामा कर दिया। बाद में वे मुआवजे की मांग को लेकर काम बंद कर हड़ताल पर चले गए हैं। बताया जा रहा है कि कर्मचारी प्लांट के अंदर 18 फीट ऊपर किसी जगह पर काम कर रहा था। इसी दौरान उसकी मौत हो गई। आस-पास के कर्मचारियों ने उसे अचेत अवस्था में पड़ा हुआ देखा था। जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। मगर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित तर दिया। मामला उरगा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक कोथरी निवासी दुर्गेश कुमार धैर्य(45) प्लांट में प्री.सी.सी इंजीनियरिंग लिमिटेड कंपनी में काम करता था। ये कंपनी यहां पावर प्लांट में मैंटेनेंस का काम करती है। वो गुरुवार रात को ड्यूटी के लिए प्लांट आया था। उसने यहां रातभर ड्यूटी की। मगर सुबह 7.30 बजे से 8 बजे की बीच उसकी मौत की खबर सामने आ गई।