केरल, कर्नाटक, आंध्र में भारी बारिश का अलर्ट:बेंगुलरु में IT वर्कर्स ट्रैक्टरों से जा रहे ऑफिस, पानी में गिरी लड़की की करंट से मौत

मौसम विभाग ने मंगलवार को केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में 8 और 9 सितंबर तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में लोगों की जिंदगी थम गई है। कई इलाकों में पानी भर गया है और सड़कों पर नाव चलाने की नौबत आ गई है। सिलिकॉन वैली कहे जाने वाले बेंगलुरु में पहली बार ऐसी स्थिति बनी है, जब IT वर्कर्स ट्रैक्टर पर दफ्तर जा रहे हैं।

बेंगलुरु में भारी बारिश के चलते सोमवार को 23 साल की लड़की की मौत हो गई। पानी भरी सड़क पर स्कूटी स्लिप होने के बाद उसने सपोर्ट के लिए पास लगे बिजली के खंबे को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन खंबे से करंट लगने की वजह से उसकी जान चली गई। हादसा वाइटफील्ड इलाके में शाम को हुआ जब लड़की अपने काम से लौट रही थी।

कर्नाटक: 50 रुपए देकर ट्रैक्टर से जा रहे IT वर्कर्स…
बेंगलुरु में लगातार बारिश के चलते बिजली और पानी की सप्लाई ठप हो गई है। बाहरी इलाकों में पानी भर गया है। जरूरी सामान की सप्लाई के लिए नावों का इस्तेमाल किया जा रहा है। 2 दिन से ट्रैफिक जाम की समस्या भी बढ़ गई है।

IT कंपनियों में काम करने वाले कर्मचारी ट्रैक्टरों के जरिए अपने दफ्तर जा रहे हैं। एक इम्प्लॉई ने कहा कि बारिश से हमारा काम प्रभावित हुआ है। हम 50 रुपए देकर ट्रैक्टरों से दफ्तर जा रहे हैं। मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने भरोसा दिलाया है कि वे इम्प्लॉइज की समस्या के बारे में IT कंपनियों से बात करेंगे।

.

Recent Stories