हरियाणा के हिसार से भाजपा नेता और टिक टॉक स्टार सोनाली फोगाट की मौत के मामले में गोवा पुलिस ने कर्लीज क्लब के मालिक और एक ड्रग पैडलर को गिरफ्तार किया है। अब तक इस मामले में सुधीर सांगवान और सुखविंदर समेत 4 की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने कर्लीज क्लब के बाथरूम से ड्रग्स भी बरामद किया है। इस बात की पुष्टि गोवा के IG ओमवीर बिश्नोई ने की है। कोर्ट ने सुखविंदर सिंह और सुधीर सांगवान को 10 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा है।
इस बीच गोवा कांग्रेस भी पूरे मामले में पुलिस और भाजपा पर हमलावर हो गई है। कांग्रेस की गोवा इकाई के नेता माइकल लोबो ने आरोप लगाया है कि पुलिस सोनाली फोगाट हत्याकांड को रफा-दफा करने की कोशिश कर रही है ऐसे में इस केस की सीबीआई जांच होनी चाहिए।
सुधीर और सुखविंदर ने सोनाली को ड्रग्स देने की बात कबूली
गोवा के DGP जसपाल सिंह के अनुसार सुधीर और सुखविंदर ने कबूल किया है कि उन्होंने 22 अगस्त की रात सोनाली को जबरदस्ती ड्रग दी। उन्हें लिक्विड में मिलाकर केमिकल दिया गया। ड्रग की ओवरडोज से सोनाली की तबीयत बिगड़ी तो दोनों उन्हें वॉशरूम में ले गए। दोनों सोनाली के साथ दो घंटे वॉशरूम में ही बैठे रहे।
हिसार में किया गया सोनाली का अंतिम संस्कार
हरियाणा BJP की नेता और टिक-टॉक स्टार सोनाली फोगाट का शुक्रवार दोपहर साढ़े 12 बजे हिसार में अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनकी बेटी यशोधरा ने उनके शव को कंधा दिया और फिर अपने चचेरे भाई के साथ मिलकर उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान लोग ‘सोनाली अमर रहे’ और ‘सोनाली के कातिलों को फांसी हो’ के नारे लगाते रहे। कुछ दिन पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए कुलदीप बिश्नोई सोनाली को श्रद्धांजलि देने श्मशान घाट पहुंचे।
सोनाली के भाई का दावा- सुधीर ने 3 साल पहले भी रेप किया था सोनाली के भाई रिंकू ने बताया कि सुधीर ने तीन साल पहले हिसार स्थित घर पर उसे नशीला पदार्थ खाने में मिलाकर खिलाया और दुष्कर्म किया। उसने इसका वीडियो भी बना लिया था। उसी वीडियो को दिखाकर वह सोनाली को ब्लैकमेल करके बार-बार दुष्कर्म करता रहा। सुधीर सोनाली को उसका राजनीतिक व फिल्मी करियर खत्म करने की धमकी देता था।
सोनाली के दोनों फोन, प्रॉपर्टी के कागज, ATM कार्ड, घर की चाबियां सुधीर अपने पास रखता था। सोनाली ने रात को बहनों से कहा था कि सुधीर अपने दोस्त सुखविंदर के साथ मिलकर कुछ भी गलत कर सकता है, इसके बाद फोन काट दिया और सुबह सुधीर ने उन्हें बताया कि फिल्म की शूटिंग के दौरान सोनाली का निधन हो गया।


