दुर्ग. छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू की दुर्ग जिले की कानून व्यवस्था को लेकर रिव्यू मीटिंग ली। मीटिंग के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना को कम करने के लिए चौक चौराहों में लगी मूर्तियों को हटाकर किनारे करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चौक चराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए भी कहा है। इसके लिए उद्योगपतियों और व्यापारियों का भी सहयोग लेने की बात कही गई।
कुम्हारी थाना अंतर्गत दौरान उरला गांव में पुलिस द्वारा ग्रामीणों को लाठी से पीटे जाने के मामले को गृहमंत्री ने जायज बताया। उन्होंने कहा मामले का शुरू से लेकर आखिरी तक विश्लेषण करें, तो जिसकी गलती है उसको सजा मिली है। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि पुलिस गलती नहीं करती है, यदि वो गलती करती है तो उनको भी हम लोग सजा देते हैं। लेकिन किसी भी मामले की एक बिंदु पर चर्चा न करें। जब चर्चा करें तो सभी पहलुओं पर चर्चा करें। जिसकी गलती है उसे स्वीकार करें तो अधिक बेहतर होगा।
बैठक के दौरान जिले में सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते मामले को लेकर गृहमंत्री ने नाराजगी जताई है। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के ईई अशोक श्रीवास और दुर्ग निगम आयुक्त को भी बुलवाया और व्यवस्था को दुरुस्त करने को लेकर निर्देश दिए हैं।
बैठक में आईजी दुर्ग बीएन मीणा, एसपी दुर्ग डॉ. अभिषेक पल्लव, एएसपी सिटी संजय ध्रुव, एएसपी ट्रैफिक विश्वास चंद्राकर, एएसपी ग्रामीण अनंत कुमार सहित सभी सीएसपी, एसडीओपी और थानों के टीआई मौजूद हैं। बैठक के दौरान गृहमंत्री ने कहा कि उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया है कि क्राइम को लेकर जो हॉटस्पॉट जोन है वहां विशेष रूप से पेट्रोलिंग हो। लोगों की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई हो और इसका जल्द निपटारा हो। यह सुनिश्चित करें। ट्रैफिक पुलिस ट्रैफिक जागरूकता को लेकर निरंतर अभियान चलाएं।
पीडब्ल्यूडी और निगम के अधिकारियों को तालमेल बनाने के दिए निर्देश
बैठक के दौरान गृहमंत्री ने पीडब्ल्यूडी और नगर निगम के अधिकारियों को भी बुलाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना को रोकने के लिए पुलिस, पीडब्ल्यूडी और निगम तीनों विभाग मिलकर कार्य करें। ऐसी योजना बनाएं कि जिले में सड़क दुर्घटना को कैसे रोका जाए। इसके साथ ही पीडब्ल्यूडी के अधिकारी को एनएच व अन्य सड़कों की खस्ता हालत को लेकर भी फटकार लगाई और उन्हें जल्द ठीक करने के निर्देश दिए। दुर्ग जिले की रिव्यू मीटिंग से पहले गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने रायपुर जिले की कानून व्यवस्था को लेकर रिव्यू मीटिंग ली। रायपुर की बैठक लेने के बाद उन्होंने दुर्ग जिले की बैठक ली है।
दुर्घटनाओं को कम करने चौराहों से मूर्ति हटाने के निर्देश
.


