कोरबा के पसान थाना इलाके में एक युवक को जंगली जानवर ने बुरी तरह से नोचकर मार डाला। घटना अडसरा के जंगल की है, जहां से बुधवार रात 24 साल का सुरेश कुमार अपने दोस्त राहुल के साथ बाइक से गुजर रहा था। इसी दौरान बाइक में पेट्रोल खत्म हो गया। दोनों दोस्त पैदल चलने लगे, लेकिन सुरेश पीछे छूट गया। इसी बीच जंगली जानवर ने उस पर हमला कर दिया। युवक की खून से लथपथ लाश मिली है, जिसका धड़ गायब है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सेनहा निवासी 26 वर्षीय राहुल कुमार के घर पर छठी का कार्यक्रम था। रात के वक्त वहां रामायण का पाठ चल रहा था। साउंड बॉक्स खराब होने पर दूसरा साउंड बॉक्स लेने के लिए राहुल गांव में ही रहने वाले अपने दोस्त सुरेश कुमार के साथ निकला। दोनों दोस्त एक ही बाइक पर सवार थे, लेकिन इसी बीच गाड़ी में पेट्रोल खत्म हो गया। इसके बाद दोनों बाइक से नीचे उतर गए। राहुल बाइक को लेकर पैदल चलने लगा, वहीं सुरेश उसके पीछे-पीछे आने लगा।


