शिवसेना सांसद संजय राउत के घर सुबह साढ़े सात बजे ED की टीम पहुंच गई। टीम में करीब 10 से 12 अफसर हैं। राउत के अलावा उनके परिवार से भी पूछताछ की रही है। टीम रावत के अलावा उनके दो करीबियों के घर भी पहुंची है। महाराष्ट्र के 1034 करोड़ के पात्रा चॉल जमीन घोटाला मामले में ED की टीम संजय राउत से पूछताछ कर रही है। वहीं, ED दफ्तर पर बड़ी संख्या में पुलिस तैनात की गई है। संभावना है कि राउत को हिरासत में लेकर यहां लाया जा सकता है।
उन्हें 27 जुलाई को ED ने तलब किया था। वह अधिकारियों के सामने पेश नहीं हुए थे। इसके बाद ED के अधिकारी उनके घर पहुंचे हैं। संजय राउत और उनके विधायक भाई सुनील राउत दोनों इस वक्त अपने भांडुप के बंगले मैत्री पर मौजूद हैं।
ED की कार्रवाई शुरू होने के बाद संजय राउत ने ट्वीट करके अपनी सफाई दी। राउत ने कहा- मेरा किसी घोटाले से कोई लेना-देना नहीं है। मैं शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे की शपथ लेकर यह कह रहा हूं। बालासाहेब ने हमें लड़ना सिखाया है। मैं शिवसेना के लिए लड़ना जारी रखूंगा। यह झूठी कार्रवाई है। झूठा सबूत है। मैं शिवसेना नहीं छोड़ूंगा। मैं मर भी जाऊं तो समर्पण नहीं करूंगा।
छापे के अपडेट्स
- शिंदे गुट के नेताओं के खिलाफ उद्धव ठाकरे गुट की ओर से दायर याचिका पर सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है।
- यह कार्रवाई तब हो रही है, जब मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे आज दिल्ली में हैं।
- शिंदे अमित शाह और जेपी नड्डा से मुलाकात कर रहे हैं। तीनों के बीच कैबिनेट विस्तार को लेकर चर्चा हो रही है।


