झारखंड में अपने 3 विधायकों से बरामद नोटों के बंडल से कांग्रेस सकते में है। तीनों के पास से कितना कैश मिला है, इसका खुलासा कोलकाता पुलिस ने नहीं किया है। कैश का कनेक्शन पूर्वोत्तर के राज्य असम से निकल कर सामने आ रहा है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कुछ दिन पहले ही झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेपीसीसी) के एक पूर्व अध्यक्ष की असम के एक कद्दावर बीजेपी नेता से मुलाकात हुई थी।
यह बैठक दिल्ली के एक फाइव स्टार होटल के बंद कमरे में हुई थी। उस मुलाकात के दौरान कांग्रेस नेता के बेटे भी उनके साथ थे। उस मीटिंग के बाद से कांग्रेस नेता ने खामोशी से अपनी बिसात बिछाई और उसमें प्राथमिक तौर पर कांग्रेस के पांच विधायक शामिल हुए। उनमें से तीन शनिवार देर रात कोलकाता पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
काली फॉर्च्यूनर से मिला था कैश
हावड़ा पुलिस ने जिस गाड़ी से नोटों का बंडल बरामद किया था, उस गाड़ी में कांग्रेस के तीन विधायक इरफान अंसारी, नमन विक्सल कोंगाडी और राजेश कच्छप सवार थे। इरफान अंसारी जामताड़ा के विधायक हैं, जबकि नमन विक्सल कोंगाडी सिमडेगा के कोलेबिरा और राजेश कच्छप रांची जिला के खिजरी विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। काले रंग की फॉर्च्यूनर गाड़ी बोकारो के किसी नईम अंसारी के नाम से रजिस्टर्ड है, लेकिन उसके आगे विधायक जामताड़ा का बोर्ड लगा हुआ है। गाड़ी गुवाहाटी से बंगाल की तरफ आ रही थी।
गाड़ी में कैश मिलने को लेकर बंगाल पुलिस को पहले से इनपुट मिला था। यह इनपुट झारखंड और दिल्ली से मिला था, जिसके बाद बंगाल पुलिस हरकत में आई। हालांकि, कैश की रिकवरी को लेकर अभी तक तीनों में से किसी विधायक ने यह साफ नहीं किया कि इसका सोर्स क्या है।
अंसारी ने इसे कलेक्शन का पैसा बताया, लेकिन कितना और किस कलेक्शन का पैसा है यह नहीं क्लियर कर पाए। देर रात तक हिरासत में लेकर तीनों से पूछताछ की जा रही थी। वहीं, नोटों को गिनने के लिए मशीन मंगाई गई थी


