सूरजपुर// सूरजपुर के महेशपुर गांव में बड़े भाई की करंट लगने से मौत हो गई। जिससे परिवार में विवाद की स्थिति बन गई। डर और सहमे छोटे भाई ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अपने टी-शर्ट पर पत्नी के लिए लिखा कि, रीना मुझे माफ़ कर देना। दोनों के शवों का सोमवार को पोस्टमॉर्टम कराया गया। मामला प्रेमनगर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, रविवार को फेंसिंग के लिए लगाए गए तार में फैले करंट की चपेट में आने से नर्मदा प्रसाद की मौत हो गई। खेतों को जानवरों से बचाने के लिए लगाए फेंसिंग में करंट फैला हुआ था। वो तार से चिपक गया और निकल नहीं सका।

छोटे भाई का फांसी पर झूलता मिला शव।
छोटे भाई ने लगा ली फांसी
नर्मदा प्रसाद को प्रेमनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बड़े भाई की मौत को लेकर घर में हंगामे की स्थिति बन गई। घटना के बाद छोटे भाई गणेश राम ने रात में घर से कुछ दूर महुआ पेड़ में फांसी लगा ली। सोमवार को गणेश राम का शव फांसी पर झूलता मिला।
टी-शर्ट पर लिखा सुसाइड नोट
मृतक के टी-शर्ट पर पत्नी के नाम सुसाइड नोट लिखा हुआ मिला। मृतक ने अपनी पत्नी के लिए लिखा है कि, रीना मुझे माफ़ कर देना। परिजनों के अनुसार बड़े भाई की मौत के बाद गणेश राम सहमा हुआ था। संभवतः उसने डर के कारण आत्महत्या कर ली है। प्रेमनगर पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम किया है और मामले की जांच कर रही है।


