चमोली: चमोली जिले में आए दिन हो रही वर्षा ग्रामीण क्षेत्रों में आफत बन कर टूट रही है। जिले में ग्रामीण मोटर मार्ग बंद होने के चलते आए दिन ग्रामीणों को समस्याओं से जूझना पड़ रहा है।
दशोली ब्लाक की घटना
ऐसी स्थिति में बीते रोज मंगलवार को जिले के दशोली विकासखंड के दूरस्थ इराणी गांव की बीमार महिला बिमला देवी को ग्रामीणों ने डंडी-कंडी के सहारे पांच किलोमीटर पैदल चलकर जिला अस्पताल (Hospital) गोपेश्वर पहुंचाया।
पैदल रास्ते हुए क्षतिग्रस्त
ईराणी गांव के प्रधान मोहन नेगी के अलावा चंदन सिंह नेगी, दिनेश सिंह, सबर सिंह, अनिता देवी और हेमा नेगी ने कहा कि भारी वर्षा व सड़क निर्माण कार्य से गांव के पैदल रास्ते क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
कंधे पर उठाकर पहुंचाया अस्पताल
ऐसे में बीमार महिला बिमला देवी को अतिरिक्त पांच किलोमीटर पैदल चलकर डंडी-कंडी से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि बिरही निजमुला मोटर मार्ग भी जगह-जगह क्षतिग्रस्त होने के चलते ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


