कोरबा, 6 जनवरी 2026। युक्तियुक्तकरण के तहत हुए तबादलों के बाद भी कोरबा जिले में कई शिक्षकों द्वारा नवीन पदस्थापना वाले विद्यालयों में ज्वाइनिंग नहीं लेने का मामला सामने आया है। इस पर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि शिक्षकीय कार्य में किसी भी तरह की मनमानी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी है कि ट्रांसफर के बावजूद जो शिक्षक नई पदस्थापना में ज्वाइनिंग नहीं लेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर के इस निर्देश के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि युक्तियुक्तकरण के बाद प्रदेशभर की तरह कोरबा जिले में भी बड़ी संख्या में शिक्षक नई पदस्थापना में ज्वाइनिंग से बच रहे हैं।
Nissan Tekton : निसान टेक्टॉन का नया टीज़र आया सामने, SUV सेगमेंट में मचेगा तहलका
शिक्षक की शिकायत पर कलेक्टर ने दिखाई सख्ती
जानकारी के अनुसार, पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड में पदस्थापना पाए मिडिल स्कूल के शिक्षक बोधराम निषाद अपनी समस्याएं लेकर कलेक्टर के समक्ष पहुंचे थे। उन्होंने नई पोस्टिंग और ज्वाइनिंग को लेकर अपनी दिक्कतें रखीं। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने उनकी बातें सुनने के बाद समझाइश देते हुए उन्हें तत्काल नई पदस्थापना में ज्वाइनिंग की सलाह दी, लेकिन शिक्षक अपनी बातों पर अड़े रहे और ज्वाइनिंग में असमर्थता जताई।
इस पर कलेक्टर का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने शिक्षक को उसी दिन शाम तक नए अलॉटेड स्कूल में ज्वाइनिंग देने का निर्देश दिया और चेतावनी दी कि यदि ज्वाइनिंग नहीं की गई तो अगले दिन निलंबन तय है।
ज्वाइनिंग नहीं करने वालों पर होगी कार्रवाई
इसके बाद कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) से ऐसे सभी शिक्षकों की सूची मांगी, जिन्होंने अब तक नई पदस्थापना में ज्वाइनिंग नहीं दी है। साथ ही निर्देश दिया कि ऐसे शिक्षकों पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
कलेक्टर ने दो टूक कहा कि शिक्षा जैसे संवेदनशील क्षेत्र में अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी। उनके आदेश के बाद डीईओ कार्यालय द्वारा ज्वाइनिंग नहीं करने वाले शिक्षकों की सूची तैयार की जा रही है और माना जा रहा है कि अगले एक-दो दिनों में कई शिक्षकों पर निलंबन की कार्रवाई हो सकती है।


