बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से दर्दनाक हादसे की खबर आई है। मंगलवार दोपहर तालाब में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। यह घटना गंगालूर थाना क्षेत्र के ग्राम हिरोलीपारा की है।
जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चे दोपहर में नहाने के लिए तालाब गए थे। खेलते-खेलते वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर सुनकर उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन जब तक बच्चों को बाहर निकाला गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही गंगालूर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव में इस घटना के बाद शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


