छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक दक्षिणी हिस्सों में बारिश का अलर्ट, 11 जिलों में यलो चेतावनी

रायपुर। मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के दक्षिणी हिस्सों में अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इसके मद्देनजर राज्य के 11 जिलों—राजनांदगांव, बालोद, धमतरी, कांकेर, गरियाबंद, कोंडागांव, नारायणपुर, बीजापुर समेत अन्य इलाकों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने बताया कि इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और आंधी चलने की भी संभावना है। यह बारिश बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव वाले क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) के प्रभाव से हो रही है, जो धीरे-धीरे मजबूत हो रहा है और इसका हल्का असर छत्तीसगढ़ में भी दिखेगा।

पिछले 24 घंटे में राज्य के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। जगदलपुर, मानपुर, छोटे डोंगर, बस्तर और लोहंडीगुड़ा में करीब 10 मिमी बारिश हुई। तापमान की बात करें तो अंबिकापुर में सबसे अधिक 32.5 डिग्री और सबसे कम 17.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने नागरिकों से सलाह दी है कि वे अलर्ट का पालन करें और बिजली गिरने और आंधी के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें।

.

Recent Stories