रायपुर/बिलासपुर। फिल्मी अंदाज में ठगी की वारदात को अंजाम देने वाली मां-बेटे की ठग जोड़ी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस शातिर जोड़ी ने ‘बंटी-बबली’ की तर्ज पर रायपुर और बिलासपुर के कई ज्वेलर्स को अपना निशाना बनाया।
बिलासपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: 300 अपराधियों पर गिरी गाज
आरोपियों ने नकली सोने के गहनों को असली बताकर ज्वेलरी शॉप में बेचा और उसके बदले असली सोना और नकदी लेकर चंपत हो गए। जब दुकानदारों को गहनों की असलियत का पता चला, तब तक ये मां-बेटा नौ दो ग्यारह हो चुके थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला और उसका बेटा खुद को समृद्ध परिवार का बताकर ज्वेलरी शॉप में पहुंचते थे। वहां पहले भरोसा जीतते और फिर नकली गहनों की डील तय कर असली सोना व नकद ले जाते।
शिकायत के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उन्होंने कई वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन दोनों ने अब तक कितने व्यापारियों को ठगा और इस ठगी का नेटवर्क कितना बड़ा है। उनके पास से नकली गहने, कुछ असली जेवरात और नकदी बरामद की गई है।
पुलिस ने ज्वेलर्स से सतर्क रहने और गहनों की खरीद-बिक्री से पहले उनकी जांच कराने की अपील की है।


