डेनमार्क के कोपनहेगन शहर के एक शॉपिंग मॉल में रविवार देर रात फायरिंग हुई। फायरिंग में 3 लोगों के मारे जाने की खबर है, कई लोग घायल हुए हैं। इनमें तीन लोगों की हालत नाजुक है। न्यूज एजेंसी रायटर्स के मुताबिक, इस मामले में एक 22 साल के डैनिश युवक को गिरफ्तार किया गया है।
कोपेनहेगन पुलिस ऑपरेशन यूनिट के प्रमुख सोरेन थॉमसन ने बताया कि घटना के पीछे आतंकी मंसूबे की आशंका को खारिज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा- फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि क्या इस घटना में कुछ और लोग शामिल हैं। हम जांच कर रहे हैं।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घटना फिल्ड्स शॉपिंग मॉल में उस वक्त हुई जब यहां छुट्टी का दिन होने की वजह से काफी लोग मौजूद थे। इस दौरान अचानक फायरिंग और चीखने की आवाजें सुनाई दीं। इसके बाद भगदड़ मच गई और लोग बाहर की तरफ भागे।
चीफ पुलिस इंस्पेक्टर सोरेन थॉमसन ने कहा- हमले में कई लोगों की जान गई है और उससे कहीं ज्यादा लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि मृतकों और घायलों की सही संख्या बताना अभी जल्दबाजी होगी।
22 साल का युवक गिरफ्तार
पुलिस ने इस घटना के संबंध में एक 22 साल के डैनिश लड़के को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक- फिलहाल, ये नहीं कहा जा सकता कि यह घटना डोमेस्टिक वॉयलेंस है या इसकी कोई और वजह है। हम बारीकी से जांच कर रहे हैं।


