लोकसभा में 21 सितंबर को BJP सांसद रमेश बिधूड़ी ने BSP सांसद दानिश अली को गालियां दीं और धर्म से जुड़ी अभद्र टिप्पणी की। भाजपा सहित देश की 8 राजनीतिक पार्टियों ने बिधूड़ी के बयान की निंदा की। इसमें भाजपा भी शामिल है।
कांग्रेस, DMK, NCP और TMC ने शुक्रवार को लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखा और बिधूड़ी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने दावा किया कि बिधूड़ी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी।
उन्होंने कहा- संभावना है उन्हें भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष बना दिया जाए। आज भारत में मुसलमानों के साथ वैसा ही सलूक हो रहा है, जैसा हिटलर के जर्मनी में यहूदियों के साथ किया जाता था।
- कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश- उन्होंने जो कहा है वह निंदनीय है। रक्षा मंत्री की माफी नाकाफी है। सदन के अंदर या बाहर ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। यह रमेश बिधूड़ी नहीं, बल्कि भाजपा पार्टी की सोच है। हमारी मांग है कि रमेश की सदस्यता रद्द की जानी चाहिए।
- नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता उमर अब्दुल्ला- अगर उन्होंने केवल आतंकवादी कहा होता तो हमें इसकी आदत है। उन शब्दों को पूरे मुस्लिम समुदाय के लिए कहा गया। भाजपा से जुड़े मुस्लिम इसे कैसे बर्दाश्त कर सकते हैं? इससे पता चलता है कि वे हमारे बारे में क्या सोचते हैं? उन्हें शर्म आनी चाहिए।
- बिहार के डिप्टी सीएम और RJD नेता तेजस्वी यादव- भाजपा के सांसद ने सभी मर्यादाओं को पार कर दिया है। इस तरह से गली के मवाली बात करते हैं। उन पर कोई कार्रवाई नहीं होगी, क्योंकि वो भाजपा में हैं। उन्हें गाली देने का अधिकार है।
- AAP सांसद संजय सिंह- BJP गुंडागर्दी कर रही है। बिधूड़ी की भाषा एक गुंडे, माफिया की भाषा है। दानिश अली का अपमान सभी विपक्षी सांसदों का अपमान है। मणिपुर का मुद्दा उठाने पर मुझे निलंबित किया था, उनके खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।
- TMC नेता महुआ मोइत्रा- मुसलमानों-OBC को गाली देना भाजपा की संस्कृति है। कइयों को अब इसमें कुछ भी गलत नहीं दिखता। PM मोदी ने भारतीय मुसलमानों को अपनी ही धरती पर डरकर जीने पर मजबूर कर दिया है।
- BSP चीफ मायावती- दानिश अली के खिलाफ सदन में आपत्तिजनक टिप्पणी को स्पीकर ने रिकार्ड से हटाकर उन्हें चेतावनी भी दी है। वरिष्ठ मंत्री ने सदन में माफी मांगी है, लेकिन पार्टी ने उन पर कार्रवाई नहीं की, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
- BJP सांसद निशिकांत दुबे- किसी भी सभ्य समाज में बिधूड़ी के बयान को सही नहीं ठहराया जा सकता। इसकी जितनी निंदा की जाए कम है। मैं करीब 15 साल से लोकसभा सांसद हूं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि ये दिन भी देखना पड़ेगा।
- BRS MLC के कविता कल्वाकुन्तला- संसद में दानिश अली के प्रति रमेश बिधूड़ी की अपमानजनक टिप्पणियों को सुनना दुखद और हैरान करने वाला है। हमारे लोकतंत्र में इस तरह के व्यवहार की कोई जगह नहीं है।


