देश के ज्यादातर राज्यों में भारी बारिश हो रही है। कई जगहों पर बाढ़ के हालात हैं। पिछले 24 घंटों में बिजली गिरने से बिहार में 11 लोगों की, तो उत्तर प्रदेश में 10 लोगों की मौत हो गई। आंध्र प्रदेश में गोदावरी नदी में आई बाढ़ से अब तक 7 लोगों की जान जा चुकी है। राजस्थान के जोधपुर में पानी में डूबने से पांच लोगों की मौत हो गई।
मानसून की शुरुआत से अब तक गुजरात में 100 और महाराष्ट्र में भी 110 से अधिक लोगों की मौत हुई है। असम में इस साल बाढ़ और भूस्खलन के कारण 197 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों में गोवा, मध्यप्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, राजस्थान और गुजरात के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। केरल, कर्नाटक, दिल्ली और हरियाणा में भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
जोधपुर के बावड़ी कस्बे में भारी बारिश के दौरान डूबने से 4 बच्चों की मौत हो गई। बारिश के बाद अवैध खनन से बने गड्ढे में पानी भर गया था। यहां मंगलवार दोपहर पास की बस्ती के 5 बच्चे यहां नहाने चले गए थे। पानी में उतरते ही पांचों डूबने लगे। पास के लोगों ने एक बच्चे को बचा लिया, लेकिन बाकी चार डूब गए।
दूसरी घटना मंडोर क्षेत्र में बहने वाले बेरी गंगा में हुई। मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे नदी के झरने के बहाव क्षेत्र में पास का रहने वाला 10 साल का युवक तेज धार में बह गया। वह अपने दो दोस्तों के साथ घूमने गया था।


