मधेपुरा के डीएम विजय प्रकाश मीणा की कार ने चार लोगों को कुचल दिया। इसमें 2 लोगों की मौत हो गई है। जबकि एनएचएआई के दो कर्मी घायल हुए हैं। मरने वालों में एक महिला गुड़िया देवी (29), उसकी बेटी आरती कुमारी (4) है। NHAI कर्मी की पहचान अशोक कुमार सिंह (60) राजस्थान निवासी और राजू कुमार (50) के रूप में हुई है।
दरभंगा से मधेपुरा लौटने के दौरान मधुबनी के फुलपरास के पास मंगलवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे हादसा हुआ है। फुलपरास एसडीओ ने अभिषेक कुमार ने कहा कि हादसे में दो की मौत हुई है। दो घायल हैं। दरभंगा के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के वक्त डीएम गाड़ी में मौजूद थे। हादसे के बाद जैसे ही भीड़ ने गाड़ी को घेरना शुरू किया, डीएम अपने स्टाफ के साथ वहां से भाग निकले।
दैनिक भास्कर ने डीएम विजय प्रकाश मीणा को कई बार फोन किया, लेकिन जिलाधिकारी ने फोन नहीं उठाया। सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि गाड़ी में डीएम मौजूद नहीं थे।


