24 घंटे में कोरोना के 3824 केस, 5 की मौत:देश में 6 महीने में पहली बार इतने मामले; दिल्ली में 7 महीने का रिकॉर्ड टूटा

पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 3 हजार 824 नए केस दर्ज किए गए हैं। यह पिछले 184 दिन यानी 6 महीने में सबसे ज्यादा हैं। इसके साथ ही एक्टिव केसेस की संख्या भी बढ़कर 18 हजार 389 हो गई। इस बीच, वायरस से 5 लोगों की जान भी गई है। देश में मौतों की संख्या बढ़कर 5.30 लाख से ज्यादा हो गई है। वहीं संक्रमित लोगों का आंकड़ा कुल 4.47 करोड़ को पार कर गया है।

हेल्थ मिनिस्ट्री के बुलेटिन के मुताबिक, शनिवार को 2 हजार 994 केस मिले थे। वहीं पिछले 24 घंटों की बात करें तो एक्टिव केस फिलहाल कुल संक्रमण का 0.04% है। डेली पॉजीटिविटी रेट 2.87% दर्ज किया गया है। जबकि, वीकली रेट 2.24% है। अब तक देशभर में 4.41 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं। जबकि मृत्यु दर 1.19% दर्ज की गई।

दिल्ली में 416 नए केस दर्ज किए गए
दिल्ली में भी कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार को 416 नए केस दर्ज किए गए। यह पिछले 7 महीनों में सबसे ज्यादा है।जबकि पॉजीटिविटी रेट 14.37% है। बुलेटिन के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में कोरोना से एक मरीज की मौत हुई है। दिल्ली में कोरोना से जान गंवाने वालों की संख्या अब 26 हजार 529 है।

देश के डेली केस में 90% हिस्सेदारी 10 राज्यों की
देश में मिल रहे डेली केस में 90% हिस्सेदारी 10 राज्यों की है। केरल में 884, महाराष्ट्र में 669, दिल्ली में 416, गुजरात में 372, हिमाचल में 354, कर्नाटक में 247, तमिलनाडु में 156, हरियाणा में 142, गोवा में 117 और उत्तर प्रदेश में 113 केश शामिल है। इन राज्यों का कुल आंकड़ा 3,470 है। यानी पिछले 24 घंटे में मिले केस के मुताबिक अकेले इन 10 राज्यों में 90% मरीज मिल रहे हैं। 24 घंटे में संक्रमण से 5 लोगों की मौत हुई है। इनमें केरल से दो, दिल्ली से एक, हरियाणा से एक और राजस्थान से दो मरीज शामिल हैं।

.

Recent Stories