जांजगीर-चांपा में रविवार देर रात बस स्टैंड परिसर में बनी फल की 3 अस्थाई दुकानों में आग लग गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाई। हालांकि तब तक सबकुछ जलकर खाक हो चुका था। खास बात यह थी कि अंदर सो रहे दुकानदार को आग का पता ही नहीं चला। फायर ब्रिगेड ने पानी फेंका तो वह उठकर भागा। आशंका जताई जा रही है कि किसी ने दुकानों में आग लगाई है। हादसा चांपा थाना क्षेत्र में हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, चांपा नगर के खुरदा रोड स्थित महाराणा प्रताप बस स्टैंड परिसर में फलों की अस्थाई दुकानें लगी हैं। किसी ने रविवार देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच दुकानों में आग लगा दी। दुकानों से आग की लपटी उठती देख आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और डायल-112 को सूचना दी। फायर ब्रिगेड पहुंची और उसने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक तीन दुकानें जलकर खाक हो चुकी थीं। तीनों दुकानें फल की थीं।


