नई दिल्ली। 2 हजार रुपये के नोट बदलने के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा सामने आया है। भास्कर की टीम ने कैमरे पर ऐसे माफियाओं को बेनकाब किया है, जो चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) फर्म की आड़ में हजारों-करोड़ों के नोट बदलने का धंधा चला रहे हैं। माफियाओं ने खुलेआम दावा किया कि बैंक की नकदी लाने-लेजाने वाली गाड़ी में ही नोट बदले जा सकते हैं और चाहे 50 करोड़ रुपये के नोट हों, तब भी कोई दिक्कत नहीं होगी।
भास्कर की पड़ताल में सामने आया कि इस पूरे खेल में 40 प्रतिशत तक का कमीशन लिया जा रहा है। नोट बदलने वाले माफिया का कहना है कि “2 हजार के नोट जिस गाड़ी में बैंक की नकदी आती-जाती है, उसी में नोट बदल दिए जाएंगे, कोई पकड़ नहीं पाएगा।”
ब्रोकर बनकर किया स्टिंग ऑपरेशन
इस नेक्सस को एक्सपोज करने के लिए भास्कर की टीम ने खुद को ब्रोकर बताकर तीन अलग-अलग माफियाओं से मुलाकात की। तीनों ने नोट बदलने के अलग-अलग तरीके बताए और भरोसा दिलाया कि सिस्टम पूरी तरह मैनेज है। माफियाओं ने यह भी कहा कि नोटों की संख्या चाहे जितनी हो, सब कुछ सुरक्षित तरीके से निपटा दिया जाएगा।
CA फर्म की आड़ में चल रहा था कारोबार
जांच में सामने आया कि यह पूरा अवैध नेटवर्क चार्टर्ड अकाउंटेंट फर्मों की आड़ में संचालित हो रहा है। फर्जी एंट्री, कागजी लेन-देन और बैंकिंग सिस्टम के दुरुपयोग के जरिए नोट बदलने का खेल लंबे समय से चल रहा था।


