बिलासपुर में श्रीखाटू श्याम के संग श्रद्धालुओं ने जमकर होली खेली और अबीर-गुलाल उड़ाए। जयपुर के भजन गायक संजय पारिक के भजनों से माहौल भक्तिमय हो गया और श्रद्धालु श्याम की भक्ति में थिरकते नजर आए। देर रात तक लोग खूब झूमते रहे। यहां जूनी लाइन में होली के रंग श्याम के संग होली महोत्सव का आयोजन किया गया था। होलिका दहन के एक दिन पहले ही लोग होली के रंग में रंग गए।
कहते हैं श्री खाटू श्याम को फागुन का महीना अतिप्रिय है और वे सभी भक्तों को अपना पूरा आशीर्वाद देते हैं। रंगों का त्योहार होली 18 मार्च को है। इससे पहले ही शहर होली के रंग में रंग गया है। बीते दिनों श्याम टॉकीज के पास स्थित खाटू श्याम मंदिर में तीन दिनी श्याम होली महोत्सव का आयोजन किया गया था। इसी कड़ी में बुधवार शाम को जूनीलाइन खपरगंज में कमल सोनी, आनंद सोनी और खाटू श्याम समिति के तत्वाधान में होली महोत्सव हुआ। इस आयोजन में देर रात तक जयपुर के भजन गायक संजय पारिक ने खाटू श्याम के भजनों की प्रस्तुति दी।
श्याम होली महोत्सव के इस आयोजन में खाटू श्याम का आकर्षक दरबार सजाया गया था। आकर्षक लाइटिंग के साथ खाटूजी का अलौकिक श्रृंगार कर ज्योत प्रज्जवलित की गई। पूजा-अर्चना के बाद रात करीब 8 बजे जयपुर के भजन गायक संजय पारिक ने भक्तिमय प्रस्तुति दी, जो देर रात तक चलती रही।
श्रीखाटू श्याम होली महोत्सव के इस आयोजन में देर रात तक भक्त थिरकते रहे। इस अवसर पर पहले फूलों की वर्षा कर होली खेली गई। फिर श्याम खाटू के संग श्रद्धालुओं ने जमकर होली खेली और अबीर-गुलाल उड़ाए। महिलाएं, युवतियों के साथ ही सभी वर्ग के लोग देर रात तक भक्तिमय भजनों के साथ होली के गीतों में झूमते रहे। सभी भक्तों ने आपस में रंग गुलाल से जमकर होली खेली।


