37 बागी विधायकों ने विधानसभा उपाध्यक्ष को भेजा पत्र, कहा- शिंदे ही उनके नेता हैं। वहीं मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के साथ मजबूती से खड़े हुए कांग्रेस और राकांपा- शरद पवार बोले, विधानसभा में ही होगा सरकार के बहुमत का फैसला।
- शिवसेना ने आज दोपहर 12 बजे जिलाध्यक्षों के साथ बुलाई बैठक
- मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की अध्यक्षता में होगी बैठक
- विधानसभा में ही होगा सरकार के बहुमत का फैसला – शरद पवार
नई दिल्ली, एजेंसी। शिवसेना में चल रहे सियासी घमासान के बीच शिवसेना के बागी 37 विधायकों ने महाराष्ट्र विधानसभा के उपाध्यक्ष को पत्र लिखकर घोषणा की है कि एकनाथ शिंदे ही सदन में उनके नेता बने रहेंगे।याद दिला दें बुधवार को भी बागी विधायकों ने एक पत्र महाराष्ट्र के राज्यपाल, विधानसभा के उपाध्यक्ष और विधानसभा के सचिव को भेजा था, लेकिन इस पत्र पर 34 विधायकों के हस्ताक्षर थे जिनमें चार निर्दलीय विधायक भी शामिल थे। बागी विधायकों ने एक प्रस्ताव पारित कर कहा था कि एकनाथ शिंदे को 31 अक्टूबर, 2019 को शिवसेना विधायक दल का नेता चुना गया था। वही आज भी पार्टी विधायक दल के नेता हैं। दूसरा प्रस्ताव मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) को लेकर पास किया गया था।


