सिर पर कलश उठाकर निकले स्वास्थ्य मंत्री:बिलासपुर में हुई भगवान परशुराम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा; जीवंत झांकियों के साथ आज शोभायात्रा

बिलासपुर में अक्षय तृतीया और भगवान परशुराम जयंती पर मंगलवार शाम निकाली गई कलश यात्रा में सरगुजा महाराज और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव भी शामिल हुए। समाज की महिलाओं और युवतियों के साथ सभी वर्गों ने मिलकर गाजे-बाजे के साथ यात्रा निकाली, तो इसमें स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव भी सिर पर कलश लेकर चलने लगे। मंत्री को कलश लेकर चलते देखा तो शहर विधायक और कांग्रेसजन भी यात्रा में शामिल हुए। भगवान परशुराम जयंती पर विप्रजनों ने घरों में पूजा-अर्चना की। फिर शाम को कलश यात्रा निकाली गई।

कलश यात्रा पुराना हाईकोर्ट स्थित शीतला मंदिर से निकली। गांधी चौक, जूना बिलासपुर होते हुए यात्रा चांटापारा स्थित हनुमान मंदिर पहुंचकर समाप्त हुई। यहां भगवान परशुराम की महाआरती की गई। भंडारे का आयोजन किया गया। वहीं मनभौंरा के कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। कलश यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। इस दौरान शहर विधायक शैलेष पांडेय, कांग्रेस शहर अध्यक्ष विजय पांडेय, रितु पाण्डेय, रामप्रसाद शुक्ला, अरविंद दीक्षित, मनोज तिवारी, राजा अवस्थी सहित अन्य मौजूद रहे।

डीजे और बैंड के साथ ढोल-तासों के साथ निकली कलश यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। व्यापारियों ने कलश यात्रा में शामिल होने वाली महिलाओं-युवतियों सहित सभी वर्ग के लोगों का शरबत और प्रसाद वितरण किया। वहीं, जगह-जगह उनके लिए शीतल पेयजल की भी व्यवस्था की गई थी।

समग्र ब्राम्हण समाज एवं परशु सेना द्वारा जीवंत झांकियों के साथ बुधवार को शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा शीतला माता मंदिर दयालबंद से शाम 4.30 बजे निकलेगी। जो गांधी चौक, जूना बिलासपुर, गोल बाजार, सदर बाजार, सिम्स चौक होते हुए पं. देवकीनंदन दीक्षित स्कूल प्रांगण में समाप्त होगी। यहां धर्मसभा का आयोजन किया जाएगा। इसमें आशीवर्चन देने प्रमुख रूप से गौराकापा कवर्धा से 1008 श्री स्वामी विवेक गिरी महराज उपस्थित रहेंगे। महाआरती के बाद महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। भजन संध्या होगी। शोभायात्रा का जगह-जगह विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा स्वागत किया जाएगा।

.

Recent Stories