छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के नंदिनी के ग्राम पोटिया में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की हत्या की घटना हुई है। एक शादी समारोह के दौरान आरोपित और घटना में मृत हुए युवक की मुलाकात हुई थी। इसी दौरान कुछ देर के लिए लाइट बंद हुई। लाइट बंद होते ही आरोपित ने अंधेरे का फायदा उठाकर पीड़ित पर चाकू से वार दिया। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद फरार आरोपित को नंदिनी पुलिस ने सुबह गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ हत्या की धारा के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि पोटिया निवासी गजेंद्र यादव और आरोपित दुलामनी साहू के बीच पुराना विवाद था। पूर्व में भी उनके बीच कई बार विवाद और मारपीट की घटना हो चुकी है। रविवार की रात को पोटिया में ही एक घर में शादी थी। उन दोनों की मुलाकात उसी शादी समारोह में हुई।


