Monday, December 8, 2025

यूक्रेन से नवीन का शव लाने पर BJP विधायक का शर्मनाक बयान, कहा- फ्लाइट में ताबूत ज्यादा जगह घेरता है

यूक्रेन में जान गंवाने वाले कर्नाटक निवासी छात्र नवीन शेखरप्पा का शव भारत लाने के सवाल पर कर्नाटक के भाजपा विधायक ने अमानवीय बयान दिया है। अरविंद बेलाडी ने पत्रकारों से कहा- फ्लाइट में एक शव का ताबूत 8 से 10 लोगों की जगह घेरता है। शव लाने की जगह विमान में लोगों को लाया जा सकता है। बेलाडी हुबली-धारवाड़ क्षेत्र के विधायक हैं। नवीन इसी क्षेत्र के निवासी थे।

यूक्रेन से दिल्ली पहुंचे 219 छात्रों का विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी और IT राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने शुक्रवार को इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्वागत किया। लेखी ने कहा- हम यूक्रेन और उसके आसपास के सभी देशों के संपर्क में हैं और वे हमारे नागरिकों और छात्रों को निकालने में मदद कर रहे हैं। उन्होंने यूक्रेन में फंसे छात्रों के माता-पिता से धैर्य रखने का अनुरोध किया और आश्वासन दिया कि सरकार सभी छात्रों को सुरक्षित रूप से निकाल देगी। लेखी ने कहा- अब तक 9,000 से अधिक छात्र देश से देश लौट चुके हैं।

यूक्रेन में फंसे भारतीयों को वापस लाने के अभियान ‘ऑपरेशन गंगा’ के तहत अगले 24 घंटो में 18 विमान भारतीयों को लेकर लौटेंगे। शुक्रवार को 3,500 भारतीयों को स्वदेश लाया जाएगा। वहीं, शनिवार को 3,900 भारतीयों को वापस लाया जाएगा। शुक्रवार तड़के और फिर सुबह रोमानिया से भारतीयों को लेकर दो उड़ानें मुंबई पहुंचीं। रेल राज्यमंत्री रावसाहेब पाटिल दानवे ने यात्रियों का स्वागत किया।

एक अन्य विमान दिल्ली में लैंड हुआ। इससे लौटे यात्रियों का स्वागत केंद्रीय राज्यमंत्री निशीत प्रमाणिक ने किया। इधर, रूस के रास्ते भी भारतीयों को वापस लाया जाएगा। इसके लिए वायु सेना आई एल-76 विमान का उपयोग करेगी। यह विमान रुस से ही हमें मिला है। वायु सेना के तीन C-17 ग्लोब मास्टर शुक्रवार सुबह 630 स्टूडेंट्स को लेकर हिंडन एयरबेस पर उतरे।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बताया कि भारतीय वायुसेना के C-17 ग्लोब मास्टर 3 फ्लाइट्स के अलावा एयर इंडिया, इंडिगो, स्पाइस जेट, गो एयर और गो फर्स्ट की कमर्शियल फ्लाइट्स ऑपरेशन में शामिल हैं।​ पिछले 24 घंटों के दौरान इस ऑपरेशन के तहत 15 उड़ानों से 3,000 भारतीयों को स्वदेश लाया जा चुका है।

.

Recent Stories