रूस की ओर से यूक्रेन पर शुरू किए गए हमलों को अब 10 दिन हो चुके हैं। इसके बावजूद यूक्रेन के कई शहर अब भी रूसी सेना के नियंत्रण से बाहर हैं। अब अमेरिका और नाटो के अधिकारियों ने आशंका जताई है कि यूक्रेन पर अपना कब्जा जमाने के लिए रूस तब तक बम बरसाएगा, जब तक सभी शहर खुद आत्मसमर्पण नहीं कर देते। अफसरों ने कहा कि रूस के हवाई हमलों की वजह से आने वाले दिनों में आम नागरिकों के मारे जाने का आंकड़ा और ज्यादा बढ़ सकता है। गौरतलब है कि इससे पहले नाटो ने खुद यूक्रेन के हवाई मार्ग को नो फ्लाई जोन घोषित करने से इनकार कर दिया था। रूस और यूक्रेन ने मारियुपोल और वोल्नोवाखा से नागरिकों के निकलने के लिए युद्ध विराम का एलान किया गया लेकिन इसका कोई सफल परिणाम देखने को नहीं मिला। यूक्रेन और रूस दोनों ने एक दूसरे पर इसका उल्लंघन करने का आरोप लगाया है।
यूक्रेन से तीन विशेष उड़ानें भारतीय नागरिकों को लेकर दिल्ली पहुंची, प्यूमा ने रूस में सभी स्टोर पर काम रोका
बेलारूस के उप रक्षा मंत्री और सेना के एक जनरल ने यूक्रेन युद्ध के विरोध में इस्तीफा दे दिया है। मेजर जनरल विक्टर गुलेविच ने बेलारूस के रक्षा मंत्री को अपना इस्तीफा भेजा है। गुलेविच उन अधिकारियों में थे जिन्होंने बेलारूस-यूक्रेन सीमा पर रूसी सेना की तैनाती को मंजूरी थी और हमले से पहले रूस के साथ संयुक्त युद्धाभ्यास में भी शामिल थे। पश्चिमी देशों ने रूस के साथ-साथ गुलेविच पर भी कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगाए हैं।
यूक्रेन से 154 भारतीय नागरिकों को लेकर एक विशेष उड़ान स्लोवाकिया के कोसिसे से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में उतरी। ऑपरेशन गंगा के तहत सभी छात्रों और नागरिकों को युद्धग्रस्त क्षेत्र से भारत वापस लाया जा रहा है। वहीं यूक्रेन से183 भारतीय नागरिकों को लेकर एक और विशेष उड़ान हंगरी के बुडापेस्ट से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पहुंची।
यूक्रेन और रूस के बीच चल रहे युद्ध में अब तक चार लाख शहर के निवासियों को रूसियों द्वारा बंधक बना लिया गया है। इसकी जानकारी मारियुपोल मेयर ने दी है। उन्होंने कहा कि रूस ने शहर को अवरुद्ध किया, मानवीय गलियारे से इनकार किया। मेयर वादिम बॉयचेंको के अनुसार, शहर को पानी और बिजली के बिना छोड़ दिया गया है।
प्यूमा ने रूस में अपने सभी स्टोरों पर परिचालन स्थगित करने का फैसला किया। मास्को के यूक्रेन पर आक्रमण के बाद रूस को डिलीवरी पहले ही रोक दी थी। एक स्थानीय मीडिया के रिपोर्ट के मुताबिक वीजा, मास्टरकार्ड ने बयान जारी कर कहा कि वे आने वाले दिनों में रूस में सभी लेनदेन बंद कर देंगे।
.


