जंग के नौंवे दिन रूसी सेना की गोलीबारी से जपोजिरिया न्यूक्लियर प्लांट में आग लग गई थी। जिसे फायर फाइटर्स ने कुछ ही घंटों में बुझा दिया। हमले के बाद रेडिएशन लेवल भी नॉर्मल मिला है। इसके पहले प्लांट निदेशक अलेक्जेंडर स्टारुख ने भी जपोरिजिया के सुरक्षित होने की खबर दी थी। रूसी सेना ने प्लांट की एडमिन और कंट्रोल बिल्डिंग पर कब्जा कर लिया है। हमले में किसी के घायल होने की खबर नहीं मिली है।
यूएस प्रेसिडेंट बाइडेन ने रूस से बात करके जपोरिजिया में इमरजेंसी रिस्पॉन्डर्स को अंदर जाने की परमिशन देने की अपील की थी।
इस बीच पौलेंड में भारतीयों को लेने गए रिटायर जनरल वीके सिंह ने जानकारी दी कि कीव में एक और भारतीय छात्र को गोली लगी है, जिसका इलाज चल रहा है।
अपडेट्स…
- रूस की सेना ने खेर्सोन में टीवी टावर पर कब्जा कर लिया है।
- अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की हत्या की मांग की है।
- एशियन इन्फ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक (AIIB) का कहना है कि वह रूस और बेलारूस से जुड़े कारोबार को सस्पैंड कर देगा।
- गूगल और ट्रिप एडवाइजर ने बेलारूस, रूस और यूक्रेन में नक्शे, रेस्तरां, होटलों का रिव्यू कर रही वॉर न्यूज को ब्लाॅक कर दिया है।
- ब्रिटिश पीएम जॉनसन ने जपोरिजिया पर हमले के बाद रूसी राष्ट्रपति पुतिन पर पूरे यूरोप को खतरे में डालने का आरोप लगाया है।
- यूएस के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक प्लांट से रेडिएशन लेवल बढ़ने का का कोई संकेत नहीं दिखा है, और वे बारीकी से इसकी निगरानी कर रहे हैं।
- युद्ध के बीच यूएन ने अनुमान जताया है कि रूसी हमले की वजह से 10 लाख यूक्रेनियों को वतन छोड़कर दूसरे देशों में शरण लेनी पड़ी है।
- UN के प्रवक्ता ने कहा कि यूक्रेन में हमले से 209 नागरिकों की जान गई है, 1500 से ज्यादा नागरिक घायल हुए हैं।
- बाइडेन प्रशासन ने यूक्रेन को 10 अरब डॉलर (करीब 75 हजार 911 करोड़ रुपए) सहायता राशि देने का प्रस्ताव अमेरिकी कांग्रेस को भेजा है।
- यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमिर जेलेंस्की ने पुतिन से अपील की है कि युद्ध तुरंत रोककर सैनिकों को वापस जाने का आदेश दें।
जपोरिजिया प्लांट में ब्लास्ट से खतरा क्यों
यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने शुक्रवार सुबह बताया था कि रूसी सेना यूरोप के सबसे बड़े न्यूक्लियर पावर प्लांट जपोरिजिया पर रूस ने चारों तरफ से गोलीबारी की। प्लांट में आग पहले ही भड़क चुकी है। अगर इसमें ब्लास्ट होता है, तो यह चेर्नोबिल से 10 गुना बड़ा होगा। इस प्लांट में 6 न्यूक्लियर रिएक्टर हैं। कुछ समय पहले पावर प्लांट की साइट के पास रेडिएशन के हाई लेवल का पता चला था। यह प्लांट यूक्रेन के इलेक्ट्रिसिटी प्रोडक्शन लगभग 25% बनाता है।


