Thursday, September 19, 2024

यूक्रेन का आरोप- रूस समर्थक विद्रोहियों ने स्कूल पर गोले दागे; रूस बोला- यूक्रेनी फोर्सेस ही कर रहीं हमला

पूर्वी यूरोप में रूस और यूक्रेन के बीच जारी तनाव अब अपने चरम पर पहुंच गया है। दोनों देशों ने एक दूसरे पर हमले का आरोप लगाया है। यूक्रेन का कहना है कि गुरुवार को रूस समर्थित अलगाववादियों ने उसके डोनबास क्षेत्र के एक गांव में स्कूल पर गोले दागे। इस हमले में 3 लोगों के घायल होने की खबर है। वहीं, रूसी मीडिया ने अलगाववादियों के नेता लियोनिद पासेचनिक के हवाले से यूक्रेनी आर्म्ड फोर्सेस पर लुहान्स्क क्षेत्र में आम नागरिकों पर हमले का आरोप लगाया।

अमेरिकी अधिकारी पहले ही आशंका जता चुके हैं कि रूस फाल्स फ्लैग ऑपरेशन का बहाना लेकर यूक्रेन पर हमला कर सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन भी दोनों देशों के बीच युद्ध की आशंका जाहिर कर चुके हैं। रूस ने यूक्रेन बॉर्डर से अपनी सैनिकों के वापसी की बात कही है, लेकिन अमेरिका को अब भी उस पर भरोसा नहीं है। बुधवार को व्हाइट हाउस के संबोधन में बाइडेन ने कहा- हम रूस के वादों और दावों पर फिलहाल, भरोसा नहीं कर सकते।

यूक्रेन तनाव को लेकर कल संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भी बैठक हुई। इस बैठक में अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने रूस पर आक्रामक गतिविधियों का जारी रखने का आरोप लगाया। ब्लिंकन ने कहा- अमेरिकी खुफिया विभाग के पास पुख्ता जानकारी है कि रूस यूक्रेन पर हमला करेगा। अगर ऐसा नहीं है तो मॉस्को इसका ऐलान करे।

.

Related Posts

Comments

Recent Stories