रूस के हमलों में यूक्रेन धीरे-धीरे बर्बाद होता जा रहा है। रविवार को जंग का 11वां दिन है, लेकिन 10 दस दिनों में उसने बहुत कुछ खो दिया। 10 से ज्यादा शहर तबाह हो गए हैं। जिंदगी बचाने के लिए 12 लाख से ज्यादा लोग घर-परिवार छोड़कर देश से बाहर चले गए हैं। जहां-तहां बेहद दर्दनाक मंजर है। लोग अपने घरों को बमों, मिसाइल से जलता देख रो रहे हैं। जले-टूटे मकानों में अपनी प्यारी, कीमती चीजें खोज रहे हैं। कई तो अपनों को भी खो चुके हैं।
5 मार्च, 10वां दिन: रूस ने जंग के 10वें दिन आम लोगों के निकलने के लिए यूक्रेन में सीजफायर का ऐलान किया था, लेकिन चंद घंटे बाद ही इसे खत्म भी कर दिया। इसके बाद राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने धमकी दी है कि अगर यूक्रेन नहीं झुका, तो उसका नामोनिशान मिटा देंगे।
इस बीच, कीव और उसके पास मरखलेवका गांव, मारियुपोल, चेर्नीहीव समेत 10 से ज्यादा शहरों में हमले किए गए। संयुक्त राष्ट्र के एक निगरानी मिशन ने कहा है कि 10 दिन बाद यूक्रेन में कम से कम 351 नागरिक मारे जा चुके हैं। 707 घायल हैं, इनमें से कई की हालत गंभीर है।


