मंकीपाक्स को लेकर भारत में भी बढ़ा खतरा, यूपी-बिहार के अलावा इन राज्यों में अलर्ट जारी

नई दिल्ली, देश में कोरोना संक्रमण के बाद अब मंकीपाक्स के बढ़ते मामले डरा रहे हैं। करीब 75 देशों में फैल चुका मंकीपाक्स अब भारत में भी पैर पसार रहा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के मुताबिक, मंकीपाक्स के अब तक 16 हजार से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। वहीं, भारत में इसके अब तक चार पुष्ट मामले सामने आ चुके हैं। इसके अलावा कुछ जगहों पर संदिग्ध मामले भी मिले हैं। मंकीपाक्स के बढ़ते मामलों को लेकर केंद्र सरकार अलर्ट मोड पर है। वहीं राज्य सरकारें भी लगातार नजर बनाए हुए हैं। कई राज्यों में इसको लेकर अलर्ट जारी किया जा चुका है।

हाल ही में दिल्ली में मंकीपाक्स का पहला मामला सामने आया था। अब फैसला लिया गया है कि मंकीपाक्स के लक्षणों के साथ दिल्ली पहुंचने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को हवाईअड्डे से लोकनायक अस्पताल भेजा जाएगा। मरीजों के इलाज के लिए यहां 20 सदस्यीय विशेष टीम है।

यूपी में भी मंकीपाक्स के संदिग्ध मामले मिले हैं। लिहाजा, सभी जिलों में कोविड अस्पतालों में 10 बेड मंकीपाक्स रोगियों के लिए आरक्षित कर दिए गए हैं। राज्य सरकार ने अलर्ट भी जारी कर दिया है। संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों का सर्विलांस और प्रबंधन पर जोर दिया जा रहा है।

झारखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों को अलर्ट जारी कर दिया है। सिविल सर्जन को सदर अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड तैयार रखने को कहा गया है। जिलों में तेजी से आइसोलेशन वार्ड तैयार किये जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सभी सिविल सर्जन को इस संबंध में एक एडवाइजरी भी जारी की है।

.

Recent Stories