पंजाब अब आप का हो गया है। दिल्ली की सरहद के बाहर आप न सिर्फ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, बल्कि बहुमत के आंकड़े से भी बहुत आगे निकलती नजर आ रही है। आप के CM कैंडिडेट भगवंत मान ने भी 45 हजार वोटों से रिकॉर्ड जीत दर्ज की है।

जीत के बाद भगवंत मान ने जनता को संबोधित किया। वे कल पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह भी राजभवन की जगह शहीद भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में होगा। इससे पहले CM की शपथ राजभवन में होती रही है। शपथ लेने से पहले, मान शहीदी स्मारक पर माथा टेकने जाएंगे।
इधर, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह 13 हजार तो सुखबीर सिंह बादल 12 हजार वोट से चुनाव हार गए हैं। मौजूदा CM चन्नी और कांग्रेस के प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू को भी हार का मुंह देखना पड़ा है। दिलचस्प बात यह है कि कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा समेत उसके सहयोगी मिलकर भी आप के लगभग चौथाई हिस्से तक ही पहुंच पा रहे हैं। वहीं, भाजपा दहाई का अंक छूने के लिए भी तरस गई है। ताजा रुझान यहां देखें…
- आम आदमी पार्टी के CM कैंडिडेट भगवंत मान धूरी से रिकॉर्ड 45 हजार वोटों से जीत गए हैं।
- आप की धमाकेदार जीत के बाद भगवंत मान थोड़ी देर बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे।
- CM चरणजीत चन्नी ने कल कैबिनेट मीटिंग बुलाई है, वे कल ही राज्यपाल को इस्तीफा सौंप सकते हैं।
- कोटकपूरा से आम आदमी पार्टी के कुलतार संधवां ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की है।
- लुधियाना वेस्ट से मंत्री भारत भूषण आशु 7440 वोटों से हारे, उन्हें आप के गुरप्रीत गोगी ने हराया।
- खरड़ से पंजाबी गायिका अनमोल गगन मान जीतीं, वे आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ी थीं।
- जालंधर सेंट्रल से आप के रमन अरोड़ा ने कांग्रेस के राजिंदर बेरी को 163 मतों से हरा दिया है।
- कपूरथला सीट से कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस कैंडिडेट राणा गुरजीत सिंह चुनाव जीत गए हैं।
- CM चरणजीत सिंह चन्नी भदौड़ और चमकौर साहिब सीट से पीछे चल रहे हैं। उनके कई मंत्री भी पिछड़ते नजर आ रहे हैं।
- अमृतसर ईस्ट सीट से पंजाब कांग्रेस के प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू पिछड़कर तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।
- गिद्दड़बाहा से ट्रांसपोर्ट मंत्री अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने अकाली कैंडिडेट हरदीप डिंपी ढिल्लो को कड़े मुकाबले में हराया।


