बूस्टर डोज में पिछड़ा छत्तीसगढ़:बूस्टर डोज लगवाने में देश में 20वें नंबर पर, दिलचस्प यह कि बस्तर में दुर्गम वन वाले चार जिले प्रदेश में टाॅप पर

कोरोना से बचाव के लिए बूस्टर डोज लगाने में छत्तीसगढ़ देश में 20वें नंबर पर है। 30 अप्रैल तक मात्र 2.6% लोगों को ही बूस्टर डोज लगाया गया। प्रदेश के कुल 1,79,54,550 लोगों को कोरोना के टीके की दोनों डोज लगी है, जिसमें से 480678 ने ही बूस्टर डोज लगवाई। रोचक आंकड़ा यह है कि प्रदेश में बूस्टर डोज के मामले में टाॅप-5 जिलों में चार बस्तर के हैं।

ये चारों जिले बीजापुर, नारायणपुर, सुकमा और दंतेवाड़ा धुर नक्सल प्रभावित हैं। देश में वैक्सीनेशन का लेखा-लोखा रख रहे ‘कोविन एप्लीकेशन’ के आंकड़ों से इसका खुलासा हुआ है। इस आंकड़े में बूस्टर डोज लेने वाले हर वर्ग के लोग शामिल हैं। देश में सबसे ज्यादा लद्दाख में 19% को और सबसे कम दमन दीव-नगर हवेली में 1.2% को बूस्टर डोज लगी है। जहां तक छत्तीसगढ़ का सवाल है, कोंडागांव और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला बूस्टर डोज लगाने में सबसे पीछे है।

शनिवार की शाम तक यहां वैक्सीन की दोनों खुराक लेने वाले मात्र 1.1 % को ही बूस्टर डोज लगाई जा सकी है। कोंडागांव में दूसरी खुराक लगवाने वाले कुल 413376 लोगों में 4573 और गौरेला पेंड्रा के 157808 लोगों में 1847 लोगों ने बूस्टर डाेज लगवाया है। प्रदेश में सबसे ज्यादा बीजापुर के 9.8% लोगों को बूस्टर डोज लगा है। यहां दूसरी खुराक लेने वाले कुल 91257 लोगों में 9010 लोगों ने बूस्टर डोल लगवा ली है।

.

Recent Stories