छत्तीसगढ़ की सियासत में बड़े उठा-पटक देखने को मिल रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के बाद अपना नेता प्रतिपक्ष बदलने जा रही है। बुधवार दोपहर तक नए नाम का ऐलान हो सकता है। चर्चा है कि बदलाव का सिलसिला यही नहीं थमेगा संगठन के और भी प्रमुख चेहरों को बदला जाएगा। साल 2023 के चुनावों में भाजपा एक नई टीम खड़ी कर सकती है।
बुधवार दोपहर भारतीय जनता पार्टी के विधायक दल की अहम बैठक है। इस बैठक में शामिल होने और प्रदेश संगठन की संरचना को लेकर चर्चा करने प्रदेश की प्रभारी डी पुरंदेश्वरी खुद रायपुर आ रही हैं। इस बैठक में प्रदेश के सह प्रभारी नितिन नवीन और संगठन के महामंत्री अजय जामवाल खुद मौजूद रहेंगे।
पार्टी सूत्रों ने बताया है कि नए नेता प्रतिपक्ष का नाम तय हो गया है। इसका ऐलान डी पुरंदेश्वरी करेंगी। राष्ट्रीय संगठन के नेताओं के साथ नए नाम को लेकर चर्चा की गई है। पार्टी में इस बात को लेकर माथापच्ची होती रही कि नया चेहरा ऐसा हो जिस की बदौलत भारतीय जनता पार्टी जातिगत समीकरणों को भी साध सके।


