वहीं कोंडागांव में भी जेल भरो आंदोलन कार्यक्रम में भाजपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी दी। पूर्व मंत्री लता उसेंडी के नेतृत्व में भाजपाइयों ने प्रदर्शन किया, जिन्हें पुलिस ने नेशनल हाइवे 30 पर बैरिकेड्स लगाकर गिरफ्तार किया।
प्रदेशभर में भाजपाई सड़क पर उतरे, ‘काला कानून’ वापस लो के लगाए नारे, दी गिरफ्तारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रमुख विपक्षी पार्टी भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को प्रदेश के सभी जिलों में जेलभरो आंदोलन का आयोजन किया। भाजपा का यह आंदोलन राज्य सरकार के हालिया उस आदेश के खिलाफ था जिसमें ये कहा गया है कि किसी भी तरह के धरना-प्रदर्शन से पहले प्रशासकीय स्वीकृति अनिवार्य होगी। भाजपाई इसे वापस लेने की मांग कर रहे हैं। जिलों से मिली सूचना के मुताबिक लगभग सभी जिला मुख्यालयों में बड़ी संख्या में भाजपाई इस आंदोलन में शामिल हुए। राजधानी रायपुर में वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने आंदोलन का नेतृत्व किया। श्री अग्रवाल के नेतृत्व में हजारों की संख्या में भाजपाइयों ने गिरफ्तारी भी दी।
भाजपा के जेल भरो आंदोलन का समर्थन करने अम्बिकापुर में कार्यकर्ताओं ने बीजेपी कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट का घेराव करने पहुंचे हैं। इस दौरान भाजपाइयों ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने जगह-जगह बैरिकेड्स बनाया है। बता दें कि जिले के कई भाजपा नेता जेल भरो आंदोलन कार्यक्रम में शामिल हुए।
.


