यूक्रेन में रह रहे रूस समर्थित अलगावादियों ने पिछले 24 घंटे में पूर्वी यूक्रेन में गोलाबारी की। इस दौरान एक यूकेर्नी सैनिक के मारे जाने और 6 सैनिकों के घायल हो गए। रूस ने यूक्रेन के लुहांस्क और डोनेट्स्क को आजाद देश घोषित किया है और यहां सेना को तैनात किया है। इसके बाद इस इलाके में झड़पें तेज हो गई हैं।
सेना ने अपने फेसबुक पेज पर कहा कि अलगाववादियों ने गोलियां चलाईं और रॉकेट दागे। पिछले 24 घंटों में गोलाबारी की 96 घटनाएं दर्ज की गई हैं। इससे पहले पूर्वी यूक्रेन में रूस समर्थित अलगाववादियों ने एक कार को निशाना बनाया था। एक गैस पाइप लाइन को भी विस्फोट कर उड़ा दिया था।
वहीं, यूक्रेन संकट के बीच अब दुनिया के बड़े देशों ने रूस को रोकने के लिए कोशिशें तेज कर दी हैं। पिछले 24 घंटों में अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, जापान, ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी ने रूस पर प्रतिबंध का ऐलान किया। यूक्रेन के दो प्रांत लुहांस्क और डोनेट्स्क पर भी पाबंदियां लगाई गई हैं। इन्हें रूस ने बुधवार सुबह अलग देश के तौर पर मान्यता दी थी।
कनाडा ने बुधवार सुबह रूस के बैंकों पर प्रतिबंध लगाए। कनाडा के लोग लुहांस्क और डोनेट्स्क में किसी तरह का वित्तीय लेनदेन नहीं कर पाएंगे। इससे पहले, ऑस्ट्रेलिया ने पुतिन के शीर्ष सलाहकारों पर बैन लगाया। पीएम स्कॉट मॉरिसन ने कहा कि हम पहले ही रूसी संघ की सुरक्षा परिषद के आठ सदस्यों की यात्रा और उनके वित्तीय लेनदेन पर बैन लगा चुके हैं। उन्होंने कहा कि रूस अगले 24 घंटे में यूक्रेन पर चौतरफा हमला कर सकता है।
जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने कहा कि जापान लुहांस्क और डोनेट्स्क के लोगों के लिए वीजा सस्पेंड कर रहा है। जापान में इन इलाकों के लोगों की संपत्ति को फ्रीज किया जाएगा। व्यापार भी नहीं कर पाएंगे।। उधर, कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने भी रूस के बैंकों पर प्रतिबंध लगाया। कनाडा के लोग लुहांस्क और डोनेट्स्क में किसी तरह का वित्तीय लेनदेन नहीं कर पाएंगे।
ब्रिटेन ने मंगलवार को रूस के 5 बैंक और 3 अरबपतियों के खिलाफ पाबंदियों का ऐलान किया था। तीनों अरबपतियों की ब्रिटेन में संपत्ति को जब्त किया जाएगा और उन्हें ब्रिटेन आने से रोका जाएगा। PM बोरिस जॉनसन ने यह भी कहा था कि हालात बिगड़ने पर नए प्रतिबंध भी लगाए जा सकते हैं।
जर्मनी ने नैचुरल गैस पाइप लाइन प्रोजेक्ट ‘नॉर्ड स्ट्रीम 2’ को बंद करने का ऐलान किया है। इस लाइन के दूसरे फेज के पूरा हो जाने के बाद रूस को हर साल करोड़ों डॉलर की कमाई होनी थी, लेकिन अब मामला अटक गया है।


