Monday, December 8, 2025

पुलिस ने 10 को हिरासत में लिया; दावा- अब हालात काबू में; ड्रोन-सीसीटीवी से हो रही निगरानी

दिल्ली के जहांगीरपुरी में शनिवार को हनुमान जन्मोत्सव की शोभायात्रा पर पथराव हुआ। उपद्रवियों ने यहां आगजनी भी की। तलवार और गोलियां भी चलीं। इस मामले में पुलिस ने 10 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, इलाके में तनाव है, लेकिन हालात पर काबू पा लिया गया है। वहां RAF की दो कंपनियां तैनात की गई हैं। दिल्ली के तमाम संवेदनशील इलाकों में पुलिस तैनात है और यहां हाई अलर्ट है।

इलाके में नाइट विजन ड्रोन से निगरानी की गई। स्पेशल पुलिस कमिश्नर दीपेंद्र पाठक ने शनिवार देर रात बताया कि FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पाठक ने कहा कि स्थिति पूरी तरह कंट्रोल में है। माहौल अब शांतिपूर्ण है। हम लोगों के साथ लगातार संपर्क में हैं और शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील कर रहे हैं। सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस अधिकारी यहां मौजूद हैं।

पुलिस की टीम ने इलाके के कई वीडियो फुटेज हासिल कर लिए हैं। इनमें कुछ लोगों की पहचान भी हो चुकी है। अफसरों का कहना है कि दोषियों से सख्ती से निपटा जाएगा। दिल्ली पुलिस ने उपद्रव की जांच के लिए 10 टीमें गठित की है। मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर राकेश अस्थाना से स्थिति की जानकारी ली। उन्हें लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। घटना के बाद जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी की भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। यहां रामनवमी के दिन पूजा को लेकर छात्रों के दो गुटों में मारपीट हुई थी।

जहांगीरपुरी के कुशल सिनेमा के पास शाम करीब 5:30 बजे शोभायात्रा पर अचानक पथराव हुआ। इसके बाद दो गुटों में झड़प हो गई। कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। कुछ वाहनों में आग भी लगा दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम भी इसकी चपेट में आ गई।

दिल्ली पुलिस के PRO अन्येश राय ने कहा- यह एक पारंपरिक शोभायात्रा थी जो हर साल निकलती है। यात्रा के साथ चल रहे पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभाली। घटना के बाद कई थानों से एडिशनल पुलिस फोर्स बुलाई गई है। रैपिड एक्शन फोर्स ने इलाके में मार्च किया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पथराव में पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, घटना में एक सब इंस्पेक्टर समेत 6 पुलिसकर्मी और एक अन्य व्यक्ति घायल हुए हैं। कुछ वीडियो फुटेज सामने आए हैं। इनमें ज्यादातर पुलिसकर्मी घायल नजर आ रहे हैं।

दिल्ली में हुई घटना के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने भी राज्य में पुलिस प्रशासन को कड़ी ​​​​​​सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। दिल्ली से सटे नोएडा में भी शनिवार रात पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर लव कुमार भी इसमें शामिल रहे। उन्होंने बताया कि दिल्ली में घटना के बाद लोगों के मन में सुरक्षा का माहौल पैदा करने के लिए मार्च किया गया।

.

Recent Stories