यूक्रेन और रूस की जंग का आज 11वां दिन है। शनिवार को रूस ने आम लोगों के निकलने के लिए यूक्रेन में सीजफायर का ऐलान किया था, लेकिन चंद घंटे बाद ही इसे खत्म भी कर दिया। इसके बाद रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने धमकी दी है कि अगर यूक्रेन नहीं झुका, तो उसका नामोनिशान मिटा देंगे।
पुतिन की धमकी के जवाब में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमीर जेलेंस्की ने कहा है कि हम आजादी के लिए लड़ेंगे और किसी के सामने नहीं झुकेंगे। इधर, अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन ने दावा किया है कि रूस के करीब डेढ़ लाख सैनिक कीव को घेरे हुए हैं और रूस कभी भी शहर पर अटैक कर सकता है।
जेलेंस्की ने अमेरिका से मांगे हथियार
कीव इंडिपेंडेट के मुताबिक पिछले 10 दिन में एक लाख से ज्यादा यूक्रेनी नागरिक सेना में शामिल हुए हैं। सभी को शुरूआती ट्रेनिंग देने के बाद मोर्चे पर तैनात किया गया है। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने अमेरिका से और ज्यादा हथियार देने की अपील की है।
जंग के अहम अपडेट्स…
- मास्टरकार्ड और वीजा ने रूस में अपनी सभी सर्विसेज बंद करने का ऐलान किया है। यूक्रेन ने दावा किया है कि रूस में अब तक 150 से अधिक कंपनियों ने अपना कारोबार समेटा है।
- अमेरिकी विदेश मंत्री एंटोनी ब्लिंकेन ने पोलैंड बॉर्डर पर यूक्रेन के विदेश मंत्री देमित्री कुलेबा से मुलाकात की। मुलाकात में ब्लिंकेन ने कहा कि अमेरिका यूक्रेन के लोगों के साथ है।
- यूक्रेन ने इजरायल के प्रधानमंत्री नफ्टाली बेनेट से अपील कर कहा कि पुतिन से युद्ध रोकने के लिए आप कहें। बेनेट शनिवार को पुतिन से मास्को में मिले थे।
- यूक्रेन ने बीते चौबीस घंटों में रूस के 9 लड़ाकू विमान और हेलिकॉप्टर मार गिराने का दावा किया है। वहीं कई रूसी सैनिकों के युद्धबंदी बनाने का भी दावा किया है।


