Thursday, August 7, 2025

पंजाब के मंत्रियों का शपथ ग्रहण :पहले 5 मंत्रियों में 4 दलित और इकलौती महिला मंत्री को शपथ दिलाई

पंजाब में CM भगवंत मान की सरकार के मंत्रियों का शपथ ग्रहण शुरू हो गया है। पहले पार्टी के बड़े दलित चेहरे हरपाल चीमा को शपथ दिलाई गई। दूसरे नंबर पर एकमात्र महिला मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने शपथ ली। पहले 5 मंत्रियों में 4 दलित और एक महिला मंत्री को शपथ दिलाई गई। पहले चरण में 10 मंत्री शपथ लेंगे। इसमें 8 पहली बार MLA बने हैं। इसके अलावा कोटकपूरा से MLA कुलतार सधवां विधानसभा स्पीकर होंगे। शपथ ग्रहण के बाद दोपहर 2 बजे मान सरकार की पहली कैबिनेट मीटिंग होगी। पंजाब सरकार में मुख्यमंत्री समेत 18 मंत्री बन सकते हैं। इसलिए 7 नए मंत्रियों के लिए बाद में कैबिनेट विस्तार किया जाएगा।

शपथ ग्रहण में आम आदमी पार्टी के सभी विधायक परिवार के साथ पहुंचे हैं। मंत्री बन रहे विधायक परिवार को भी साथ लाए हैं। CM भगवंत मान के बेटे दिलशान मान और बेटी सीरत कौर मान भी मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे हैं।

लाइव अपडेट्स

– सबसे पहले हरपाल चीमा ने मंत्रीपद की शपथ ली।

– दूसरे नंबर पर डॉ. बलजीत कौर ने शपथ ली।

– तीसरे नंबर पर हरभजन सिंह ETO ने शपथ ली।

– चौथे नंबर पर डॉ. विजय सिंगला ने शपथ ली।

– पांचवें नंबर पर लालचंद कटारूचक्क ने शपथ ली।

– छठे नंबर पर गुरमीत सिंह मीत हेयर ने शपथ ली।

मंत्री पद की शपथ लेंगे यह विधायक
आज मंत्रीपद की शपथ लेने वालों में हरपाल चीमा, गुरमीत सिंह मीत हेयर, डॉ. विजय सिंगला, डॉ. बलजीत कौर, हरभजन सिंह ETO, लालचंद कटारू चक्क, कुलदीप सिंह धालीवाल, लालजीत सिंह भुल्लर, ब्रह्मशंकर जिंपा और हरजोत सिंह बैंस शामिल हैं। इनमें हरपाल चीमा दिड़बा और मीत हेयर बरनाला से दूसरी बार चुनकर आए हैं। बाकी सभी पहली बार चुनाव जीतकर ही मंत्री बन रहे हैं।

क्षेत्र के लिहाज से मंत्री
आम आदमी पार्टी ने मालवा पर पूरा फोकस किया है। यहां से CM भगवंत मान के अलावा दिड़बा से हरपाल चीमा, बरनाला से मीत हेयर, मानसा से डॉ. विजय सिंगला, मलोट से डॉ. बलजीत कौर, श्री आनंदपुर साहिब से हरजोत बैंस मंत्री बन रहे हैं। माझा एरिया में अजनाला से कुलदीप धालीवाल, जंडियाला से हरभजन सिंह ETO, पट्‌टी से लालचंद भुल्लर और भोआ से लालचंद कटारूचक्क को मंत्री बनाया गया है। दोआबा में सिर्फ होशियारपुर से ब्रह्मशंकर जिंपा को मंत्री बनाया गया है।

.

Recent Stories