देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है। इस वीडियो में वित्त मंत्री एक कार्यक्रम की स्पीकर को पानी ले जाकर दे रही हैं। यह वीडियो शनिवार का है, जब मुंबई में नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजिटरी लिमिटेड (NSDL) की सिल्वर जुबली का कार्यक्रम था। NSDL की MD पद्मजा चुंदरू (Padmaja Chunduru) कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। इस दौरान पद्मजा ने अपने स्टाफ ने पानी मांगा, तो वित्त मंत्री अपनी सीट से उठकर उन्हें पानी देने चली गईं। वित्त मंत्री की सहजता का यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है।
NSDL के कार्यक्रम में पहुंची थीं
निर्मला सीतारमण मुंबई में स्टूडेंट्स के लिए NSDL इन्वेस्टर अवेयरनेस प्रोग्राम ‘मार्केट का एकलव्य’ कार्यक्रम के शुभारंभ में पहुंची थीं। इसी दौरान यह वाकया हुआ। ऋषि बागरी ने इसे अपने ट्विटर हैंडल से शेयर किया, जिसे लोग खूब पसंद कर रहे हैं।
तालियों से गूंज उठा हॉल
कार्यक्रम में MD पद्मजा चुंदरू का संबोधन चल रहा था। इसी दौरान वो संबोधन रोककर स्टाफ से पानी मांगती नजर आती हैं। उसके बाद माफी मांगकर फिर संबोधन शुरू कर देती हैं। तभी वित्त मंत्री अपनी सीट से उठती हैं और चुंदरू को पानी देती हैं। इस पर चुंदरू उनको शुक्रिया कहकर फिर संबोधन शुरू कर देती हैं। वित्त मंत्री की इस विनम्रता को देखकर पूरा हॉल तालियों से गूंज उठता है।
NSDL के 25 साल पूरे होने पर था कार्यक्रम
इस कार्यक्रम में NSDL की MD पद्मजा चुंदरू NSDL की 25 साल की लंबी यात्रा के बारे में बता रही थीं। कार्यक्रम के दौरान एक डाक टिकट और फर्स्ट डे कवर भी लॉन्च किया गया।


