दिल्ली AIIMS से लालू की मुस्कुराती हुई तस्वीर:बेटी मीसा ने शेयर की, चेयर पर बैठकर हंसते दिखे; प्राइवेट वार्ड में शिफ्ट हो सकते हैं

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की सेहत सुधर रही है। दिल्ली एम्स में लालू का इलाज कर रहे डॉक्टर का दावा है कि उनकी सेहत में लगातार सुधार हो रहा है। सब ठीक रहा तो 2 दिन में उन्हें सीसीयू से निजी वार्ड में शिफ्ट किया जाएगा। लालू की बेटी मीसा भारती ने ट्विटर पर उनकी फोटो शेयर करते हुए लिखा है कि आप सब की दुआओं और AIIMS दिल्ली की बेस्ट मेडिकल केयर से लालू जी की तबीयत में काफी सुधार है।

​​​​​​​मीसा ने लिखा- आपके लालू जी बिस्तर से उठकर बैठ पा रहे हैं। सहारा लेकर खड़े हो पा रहे हैं। हर मुसीबत से लड़कर बाहर आने की कला लालू जी से बेहतर कौन जानता है! अपने मनोबल और आप सब की दुआओं की बदौलत लालू जी की स्थिति अब काफी बेहतर है। कृपया अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ बनाए रखें, दुआओं में लालू जी को याद रखें।

लालू प्रसाद के छोटे बेट तेजस्वी ने भी उनकी तबीयत में सुधार होने की बात कही है। इधर केन्द्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने तेजस्वी यादव से फोन पर लालू यादव के स्वास्थ्य की जानकारी ली। गुरुवार को केन्द्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस और नित्यानंद राय ने दिल्ली एम्स जाकर आरजेडी सुप्रीमो का हाल-चाल जाना।

दो दिन में प्राइवेट वार्ड में शिफ्ट किए जाएंगे
लालू प्रसाद दिल्ली एम्स से सीसीयू कार्डियो में भर्ती हैं। डॉक्टरों का दावा है कि दो दिन में लालू प्रसाद को अस्पताल के प्राइवेट वार्ड में शिफ्ट कर दिया जाएगा। उनकी कंधे और जांघ की हड्डी में हेयर लाइन यानी मामूली फ्रैक्चर है। इसलिए तीन से चार दिन में उन्हें पैरों पर चलाने की भी कोशिश की जाएगी।

.

Recent Stories