जॉनसन एंड जॉनसन 2023 तक पूरी दुनिया में अपने बेबी टैल्कम पाउडर को बेचना बंद कर देगी। कंपनी का कहना है कि वह कानूनी लड़ाई से परेशान हो चुकी है। J&J का टैल्कम पाउडर अमेरिका और कनाडा में सालभर पहले ही बंद हो चुका है।
दरअसल, कंपनी के इस बेबी पाउडर का इस्तेमाल करने से कैंसर होने का आरोप लगाया गया था। इसके बाद कंपनी के खिलाफ मई 2020 में दुनियाभर में हजारों केस दायर हो गए। यही नहीं, कैंसर की आशंका वाली रिपोर्ट सामने आने के बाद प्रोडक्ट की बिक्री में भी भारी गिरावट दर्ज की गई थी। अब कंपनी टैल्क बेस्ड पाउडर की जगह कॉर्न स्टार्च बेस्ड पाउडर लाएगी।
टैल्क क्या होता है?
टैल्क एक प्राकृतिक रूप से पाया जाने वाला मिनरल है, जो पृथ्वी से निकाला जाता है। इसमें मैग्नीशियम, सिलिकॉन, ऑक्सीजन और हाइड्रोजन होता है। रासायनिक रूप से, टैल्क एक हाइड्रोस मैग्नीशियम सिलिकेट है, जिसका केमिकल फॉर्मूला Mg3Si4O10(OH)2 है। कॉस्मेटिक्स और पर्सनल केयर प्रोडक्ट्स में टैल्क का इस्तेमाल होता है। इसका इस्तेमाल नमी को सोखने के काम आता है।
टैल्क से कैंसर के खतरे के आरोप लगते रहे हैं। दरअसल, जहां से टैल्क को माइन करके निकाला जाता है, वहीं से एस्बेस्टस भी निकलता है। एस्बेस्टस (अभ्रक) भी एक प्राकृतिक रूप से पाया जाने वाला सिलिकेट मिनिरल है, लेकिन इसका एक अलग क्रिस्टल स्ट्रक्चर होता है। ये शरीर को नुकसान पहुंचाता है। जब टैल्क की माइनिंग की जाती है तो उसमें एस्बेस्टस के भी मिलने का खतरा रहता है।


