Wednesday, February 18, 2026

जयपुर को सीरियल ब्लास्ट से दहलाने की साजिश नाकाम:राजस्थान में 3 आतंकियों से मिला 12 किलो RDX, सभी MP के सूफा संगठन के मेंबर

जयपुर को सीरियल बम ब्लास्ट से दहलाने की बड़ी साजिश नाकाम हाे गई है। राजस्थान पुलिस ने बुधवार को चित्तौड़गढ़ के निंबाहेड़ा में मध्यप्रदेश के सूफा संगठन के 3 कट्‌टरपंथियों को गिरफ्तार किया है। इनकी कार से बम बनाने का सामान, टाइमर और 12 किलो RDX बरामद हुआ है।

आरोपी निंबाहेड़ा में बम बनाकर दूसरी गैंग को देने वाले थे, ताकि जयपुर में 3 जगह सीरियल ब्लास्ट कर सकें। साजिश को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। देशद्रोह के मामले में कुख्यात सूफा संगठन 2012-13 में मध्यप्रदेश के रतलाम में एक्टिव हुआ था। कई साल तक शांत रहने के बाद यह आतंकी संगठन दोबारा आतंकी वारदात की फिराक में है।

आतंकियों के स्लीपर सेल की तरह काम करता है सूफा
सूफा कट्टरपंथी सोच के 40-45 युवकों का इस्लामिक संगठन है। यह आतंकियों के स्लीपर सेल की तरह काम करता है। यह संगठन समाज में कट्टरपंथी सोच और तौर-तरीकों का हिमायती है। इसने मुस्लिम समाज की शादियों और दूसरे कार्यक्रमों को हिंदू रीति-रिवाज बताकर विरोध किया था।

राजस्थान और मध्य प्रदेश ATS करेगी आतंकियों से पूछताछ
आतंकियों से पूछताछ के लिए उदयपुर और जयपुर ATS की टीम बुधवार देर शाम निंबाहेड़ा पहुंची। मध्यप्रदेश की ATS भी इनसे पूछताछ करने पहुंच रही है। उदयपुर आईजी हिंगलाज दान ने बताया कि आरोपियों के नाम जुबेर, अल्तमस और सरफुद्दीन उर्फ सैफुल्ला हैं। ये रतलाम से भागकर निंबाहेड़ा के पास रानीखेड़ा में रह रहे थे। राजस्थान में पकड़े गए आरोपियों की सूचना पर रतलाम से भी दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।

.

Recent Stories