जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में रविवार को सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आतंकी मारे गए हैं. इसकी जानकारी जम्मू-कश्मीर पुलिस (Jammu Kashmir) ने दी है. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के पुलवामा (Pulwama Encounter) के गुंडीपुरा इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में गुप्त सूचना मिली थी. जिसके बाद सुरक्षाबलों ने रविवार को वहां घेराबंदी की और तलाशी अभियान चलाया. पुलिस ने बताया कि आतंकियों के पास से दो एके राइफल बरामद की गई है.
उन्होंने कहा कि तलाशी अभियान के दौरान आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर हमला कर दिया, जिसका सुरक्षाबलों ने जवाब दिया और मुठभेड़ शुरू हो गई. अधिकारी ने सोमवार को बताया कि इस मुठभेड़ में दो आंतकी ढेर कर दिए गए हैं. इससे पहले अधिकारियों ने बताया था कि जैश-ए-मोहम्मद के दो स्थानीय आतंकवादी मुठभेड़ में फंस गए, जिनमें शहीद कांस्टेबल रेयाज अहमद का एक हत्यारा भी शामिल है. कश्मीर जोन के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि मुठभेड़ में फंसे जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकवादियों में 13 मई को पुलवामा में पुलिस कांस्टेबल रियाज अहमद की हत्या करने का आरोपी आतंकवादी भी शामिल है.


