जम्मू-कश्मीर में सोपोर जिले के जालूरा इलाके में लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकी मारे गए हैं। इनमें से एक पाकिस्तानी है। जंगल में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है। एनकाउंटर सोमवार शाम को शुरू हुआ था। उधर कुपवाड़ा में भी सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच एनकाउंटर शुरू हो गया है।
कश्मीर के IGP विजय कुमार ने बताया कि मारे गए पाकिस्तानी आतंकी का नाम तुफैल है। दूसरे आतंकी का नाम हंजाला है। पाकिस्तानी आतंकी लाहौर का रहने वाला था। यह जानकारी आतंकियों के पास जब्त दस्तावेजों से हुई है। मौके से एक AK-47 रायफल और 5 मैगजीन जब्त की गई हैं।
10 दिन में टारगेट किलिंग की 10 घटनाएं
घाटी में इन दिनों दहशतगर्दों के निशाने पर प्रवासी मजदूर और कश्मीरी हिंदू हैं। 26 दिन में टारगेट किलिंग की 10 घटनाएं सामने आने के बाद घाटी से पलायन की खबरें भी आई थीं। लगातार हो रही टारगेट किलिंग की घटनाओं से कश्मीरी हिंदुओं में इस बात का डर है कि पता नहीं, कौन, कब, कहां से गोली मार दे।
दो दिन पहले मारा गया था हिजबुल का कमांडर
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के रिशीपोरा इलाके में यह मुठभेड़ हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकवादी कमांडर निसार खांडे के मारे जाने के दो दिन बाद हुई है। कश्मीर में पिछले कुछ महीनों में कई आतंकवाद विरोधी अभियान चलाए गए हैं, जिनमें कई आतंकवादी और उनके कमांडरों का सफाया किया गया है। अधिकांश ऑपरेशन पुलिस और सेना के माध्यम से संयुक्त रूप से विशिष्ट खुफिया सूचनाओं के आधार पर किए गए हैं।


