खैरागढ़ विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा की जीत के बाद कांग्रेसियों में जश्न का माहौल है। इधर, छत्तीसगढ़ के आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने भी प्रेस वार्ता लेकर जीत की खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि, भाजपा ने अपने प्रत्याशी को जिताने के लिए पूरा जोर लगा दिया था। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत उनके पूरे मंत्री छत्तीसगढ़ पहुंचे थे। डॉ रमन सिंह के साथ छत्तीसगढ़ के भी पूरे भाजपा के नेता खैरागढ़ में डेरा जमाए हुए थे। लेकिन फिर भी नहीं जीत पाए। कवासी लखमा ने कहा कि हमारा तो सिर्फ एक ही हीरो था और वह है भूपेश बघेल।
इनपर जनता ने पूरा भरोसा दिखाया। खैरागढ़ विधानसभा सीट में कांग्रेस प्रत्याशी को जिताने लोगों ने अपना आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि, भूपेश बघेल कि सरकार पूरे राज्य में विकास काम करवा रही है। यही वजह है कि अब लोगों को कांग्रेस सरकार पर पूरा भरोसा हो गया है। चुनाव से पहले हमने खैरागढ़ को जिला बनाने की घोषणा की थी। जिला बनाएंगे। जिला बनने से लोगों को फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि, छत्तीसगढ़ में 15 सालों तक भाजपा की सरकार रही। उन्होंने क्षेत्र के विकास में ध्यान नहीं दिया। लेकिन पिछले 3 सालों में कांग्रेस ने प्रदेश के हर जिले में विकास करवाया है।
दो बार बस्तर आए PM, नहीं दी फूटी कौड़ी
आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने कहा कि पिछले 8 सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो बार बस्तर आए हैं। एक बार दंतेवाड़ा और दूसरी बार बीजापुर दौरे पर रहे। लेकिन उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए एक फूटी कौड़ी तक नहीं दी। उन्होंने कहा कि जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी तो उस समय करोड़ों रुपए बस्तर के विकास के लिए दिए जाते थे। कवासी लखमा ने दावा किया है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पूरे 90 विधानसभा सीट में जीत दर्ज करेगी।