कन्हैयालाल हत्याकांड के पांचवें दिन रविवार को उदयपुर में कर्फ्यू में 10 घंटे की ढील दी गई। सुबह 8 से शाम 6 बजे तक बाजार खुले रहे। वहीं, कल से कर्फ्यू में 12 घंटे की छूट रहेगी। इसको लेकर जिला मजिस्ट्रेट ने आदेश जारी किए हैं।
इधर जयपुर में पांच दिन बाद आज दोपहर से इंटरनेट शुरू हो गया। वहीं, उदयपुर में नेटबंदी जारी रहेगी, जबकि सीकर में फिर से अगले 24 घंटे के लिए इंटरनेट बंद किया गया है।
कन्हैयालाल की हत्या के खिलाफ जयपुर में रविवार को प्रदर्शन हुआ। स्टैच्यू सर्किल पर सुबह 10 बजे से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया और हत्याकांड को लेकर विरोध जताया। हिंदू संगठनों (स्वयंसेवक संघ, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल) के साथ कई सामाजिक और धार्मिक संगठन इसमें शामिल हुए। अजमेर में आज सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक सर्व समाज की ओर से बंद बुलाया गया।
- इंटेलिजेंस फेल होने के मामले में शनिवार रात सीआईडी एसएसबी के उदयपुर जोन के ASP राजेश भारद्वाज को निलंबित कर दिया।
- हैदराबाद में चल रही BJP की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शनिवार को एक शोक संदेश पढ़ा गया। न्यूज एजेंसी PTI के सूत्रों के मुताबिक, इस संदेश में कन्हैयालाल, पंजाबी सिंगर मूसेवाला समेत मणिपुर लैंडस्लाइड में जान गंवाने वाले आर्मी के जवानों का नाम मेंशन किया गया था।
- उदयपुर हत्याकांड के चश्मदीद ईश्वरलाल ने बताया- 28 जून दोपहर करीब ढाई बजे गौस और रियाज कस्टमर बनकर दुकान में आए। कुर्ता-पायजामे का नाप लेने को कहा। सेठ जी (कन्हैयालाल) सारा काम छोड़ नाप लेने लगे। तभी एक आरोपी ने अचानक हमला कर दिया। सेठ जी चीखने लगे।
- जयपुर में NIA कोर्ट में पेशी के बाद शनिवार रात मोहम्मद रियाज अत्तारी, गौस मोहम्मद और दाे अन्य मोहसिन और आसिफ को अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में शिफ्ट किया गया। देर रात NIA टीम चारों आरोपियों को वापस जयपुर ले गई। NIA टीम आज दिल्ली ले जा सकती है।
- सर्व समाज की ओर से सोमवार को बूंदी बंद का ऐलान किया गया है। यहां आजाद पार्क में लोग एकत्र होंगे और मौन जुलूस निकालकर कलेक्टर को ज्ञापन देंगे।


